राष्ट्रीय अंडर-17 यूथ चैंपियनशिप में अलखपुरा की बेटियों ने रचा इतिहास, जीता गोल्ड मेडल

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आयोजित पहली राष्ट्रीय अंडर-17 यूथ फुटबॉल चैंपियनशिप में अलखपुरा की बेटियों ने हॉप्स क्लब की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक जीता। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 
हरियाणा खेल समाचार

बवानीखेड़ा। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 16 से 29 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय अंडर-17 यूथ प्रतियोगिता में अलखपुरा की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। धर्मा फाउंडेशन के तत्वावधान में दिल्ली के हॉप्स क्लब की ओर से खेलीं खिलाड़ियों ने सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पछाड़ते हुए पहली राष्ट्रीय अंडर-17 यूथ चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया।

अखिल भारतीय फुटबाल संघ के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 16 क्लबों ने हिस्सा लिया। सेमीफाइनल में हॉप्स क्लब ने गढ़वाल क्लब को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में हॉप्स क्लब ने उड़ीसा की नीता फुटबाल एकेडमी को पेनल्टी शूटआउट में 1-0 से हराकर पहली राष्ट्रीय अंडर-17 यूथ चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।

हॉप्स क्लब के संरक्षक संजय यादव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि धर्मा फाउंडेशन के माध्यम से बेटियों के खेल और उनके उत्थान के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर हॉप्स क्लब के सदस्य विजय मित्तल, अरुण कुमार, मनोज कुमार, उर्मिला यादव तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग से अलखपुरा ग्राउंड की मुख्य फुटबाल प्रशिक्षक सोनिका बिजारणिया मौजूद रहीं।