एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भिवानी के प्रीति, प्रिया और सचिन ने पक्का किया पदक

मंगोलिया में भिवानी के मुक्केबाजों का जलवा! एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचे प्रीति पंवार, प्रिया घणघस और सचिन सिवाच। भारत के लिए पदक पक्का।

 
उलानबटोर बॉक्सिंग चैंपियनशिप

भिवानी। मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में चल रही एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भिवानी जिले के तीन खिलाड़ियों प्रीति पंवार, प्रिया घणघस और सचिन सिवाच ने क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर पदक पक्का कर लिया है।

तीनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। जानकारी के अनुसार गांव बड़ेसरा की प्रीति पंवार और धनाना निवासी प्रिया घणघस ने शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज की। प्रिया ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 4-1 से और प्रीति ने 5-0 से हराया।

वहीं शनिवार को खेले गए मुकाबले में गांव मिताथल निवासी सचिन सिवाच ने भी 5-0 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रीति पंवार 54 किलोग्राम और प्रिया घणघस 60 किलोग्राम भारवर्ग में इस स्पर्धा में भाग ले रही हैं।