Kirti Sharma Archery Gold Medal: फाइनल में रोमांचक मुकाबले के बाद विश्व चैंपियन कोरिया को दी मात, रचा इतिहास
एशियन गेम्स 2026 में जींद की बेटी कीर्ति शर्मा समेत भारतीय महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर तीरंदाजी में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता है।
जींद : एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटियां लगातार देश का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में जींद जिले की कीर्ति शर्मा ने एशियाई खेलों में तीरंदाजी में भारत को पहला स्वर्ण पदक जीताने में अहम भूमिका निभाई है।
भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने शुक्रवार को यहां शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में विश्व चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर एशियाई खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। अनुभवी अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और 17 वर्षीय कुमकुम मोहोड़ की भारतीय तिकड़ी ने चुनौतीपूर्ण तेज हवाओं के बीच धैर्य बनाए रखते हुए मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को पछाड़कर भारतीय तीरंदाजी में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। भारतीय टीम ने इसके साथ ही मजबूत दक्षिण कोरियाई तिकड़ी पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में चीन को 5-1 से हराकर पहली बार एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बनाई थी।
जानकारी हो कि महिला रिकर्व टीम का यह स्वर्ण एशियाई खेलों में भारत का तीरंदाजी में चौथा स्वर्ण है। इससे पहले पुरुष कंपाउंड, महिला कंपाउंड और मिश्रित कंपाउंड टीमों ने भी स्वर्ण पदक जीते थे। भारतीय महिला रिकर्व टीम ने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।