Asian Games Women Cricket Semifinal: पाकिस्तान ने थाईलैंड को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, शवाल जुल्फिकार और फातिमा सना का अहम योगदान
एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम बड़ी उलटफेर का शिकार होने से बाल-बाल बच गई. पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम का हाल ये रहा कि 17 सितंबर को खेले दूसरे क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के खिलाफ उसने 2 गेंद पहले जीत दर्ज की.बारिश से प्रभावित होने के चलते पाकिस्तान और थाईलैंड का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 11-11 ओवर का खेला गया था. मुकाबले का टॉस पाकिस्तान ने जीता और थाईलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था.
हारते-हारते बची पाक टीम, 2 गेंद पहले मिली जीत
थाईलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 11 ओवर में 92 रन का लक्ष्य रखा था. थाईलैंड से तुलना करें तो पाकिस्तान की टीम हर मामले में बीस ही दिखती है. बावजूद इसके 92 रन बनाने में थाईलैंड ने उसके छक्के छुड़ा दिए. थाईलैंड की टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच को आखिरी ओवर तक ले गई जो कि उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है. पाकिस्तान की टीम ने 2 गेंद बाकी रहते ये मुकाबला जीता. उसने 10.4 ओवर में 92 रन का लक्ष्य चेज किया.
पाकिस्तान के लिए किसने बनाए रन?
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम के लिए इस रन चेज में सबसे ज्यादा 14 गेंदों में 25 रन उसके ओपनर शवाल जुल्फिकार ने बनाए. उनके अलावा मिडिल ऑर्डर में कप्तान फातिमा सना ने 13 गेंदों में 21 रन बनाए. इन दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान किसी तरह से थाईलैंड से जीतने में कामयाब रहा.
थाईलैंड को हराने के साथ ही पाकिस्तान की टीम ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है. वो एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट इवेंट में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है.
थाईलैंड ने 11 ओवर में बनाए थे 91 रन
इससे पहले थाईलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 4 विकेट पर 91 रन बनाए. थाईलैंड की ओर से सबसे ज्यादा 49 रन उसके विकेटकीपर बल्लेबाज नन्नापत कोंचरोएन्काई ने बनाए. नन्नापत ने थाईलैंड के लिए करीब आधे रन अकेले बनाए. उन्हें पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने LBW किया.