बाबर आजम रचेंगे इतिहास; PSL फाइनल का पहला रन तोड़ देगा फखर जमां का बड़ा रिकॉर्ड

बाबर आजम PSL 2026 के फाइनल में 1 रन बनाते ही एक सीजन में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान की कप्तानी वापसी पर भी बड़ी बात कही है।

 
PSL 2026 सर्वाधिक रन

पाकिस्तान का कप्तान बनने की बाबर आजम की तमन्ना फिर से जाग उठी है. PSL 2026 के फाइनल से पहले बाबर आजम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां उनकी बातों से पता चला कि वो अब भी पाकिस्तान का कप्तान बनना चाहते हैं. बाबर ने क्या कुछ कहा वो तो हम जानेंगे लेकिन उससे पहले क्या आप जानते हैं उनके लिए पाकिस्तान सुपर लीग के फाइनल बनाया पहला रन कितना कीमती रहने वाला है? PSL 2026 के फाइनल में पहला रन बनाते ही बाबर आजम इतिहास रचने वाले हैं. मतलब पाकिस्तान की T20 लीग में जो पहले कभी नहीं हुआ वो अब होगा.

PSL फाइनल में बाबर आजम के पहले रन का महत्व

अब सवाल है कि बाबर आजम का पहला रन ऐतिहासिक कैसे रहने वाला है? ऐसा इसलिए क्योंकि उसके जरिए वो PSL के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. पाकिस्तान सुपर लीग के एक सीजन में सबसे ज्यादा 588 रन बनाने का रिकॉर्ड फखर जमां के नाम है, जिन्होंने PSL 2022 में लाहौर कलंदर्स से खेलते हुए 13 पारियों में ये रन बनाए थे.

फखर जमां का रिकॉर्ड तोड़ देंगे बाबर आजम

बाबर आजम ने PSL 2026 में 84 की औसत से 10 पारियों में 588 रन बनाकर फखर जमां की बराबरी कर ली है. ऐसे में PSL 2026 के फाइनल में अपनी इनिंग का पहला रन बनाते ही वो फखर जमां का रिकॉर्ड तोड़ देंगे और पाकिस्तान की T20 लीग के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.

पाकिस्तान का कप्तान बनने की तमन्ना जताई

बाबर आजम ने अपनी कप्तानी में पेशावर जाल्मी को PSL 2026 के फाइनल तक पहुंचाया है. ये 5वीं बार है जब ये टीम PSL का फाइनल खेलेगी. पेशावर जाल्मी को PSL 2026 फाइनल तक पहुंचाने में सफल रहने वाले कप्तान बाबर आजम ने पाकिस्तान की कप्तानी करने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है.

बाबर आजम ने फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान की कप्तानी अलग मुद्दा है. फिलहाल उनका ध्यान PSL फाइनल पर है. लेकिन, अगर भविष्य में मौका मिलता है तो पाकिस्तान क्रिकेट के लिए जो बेहतर होगा, वो फैसला वो करेंगे.