बहादुरगढ़ का कमाल: सोनू अखाड़े के 5 पहलवानों का एशियन चैंपियनशिप में चयन
बहादुरगढ़ : पहलवान और पहलवानी का गढ़ बन चुके बहादुरगढ़ के नाम एक और बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। लखनऊ में बीती 3 जून को आयोजित हुए कड़े ट्रायल्स में अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवाते हुए 'हिंद केसरी सोनू अखाड़ा' के 5 होनहार पहलवानों ने U-20 जूनियर एशिया चैंपियनशिप और U-15 एशिया चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप आगामी 27 जून से 4 जुलाई तक थाईलैंड में खेली जाएगी, जहाँ ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम ऊंचा करेंगे। अंडर 20 एशिया चैंपियनशिप के लिए अखाड़े के पहलवान
रोहित दलाल ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल, साहिल दलाल ने 86 किलोग्राम फ्रीस्टाइल, विकास दलाल ने 87 किलोग्राम ग्रीको-रोमन और दिशांत रुहल ने 130 किलोग्राम ग्रीको-रोमन कुश्ती के लिए क्वालीफाई किया है। वंही अंडर 15 एशिया चैंपियनशिप में पहलवान नितेश दलाल का 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल मे चयन हुआ है। हिंद केसरी सोनू अखाड़े के लिए यह हफ्ता स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। अखाड़े के कुल 8 पहलवानों ने देश की मुख्य कुश्ती टीमों में जगह बनाई है। जहाँ एक तरफ 3 पहलवानों का चयन प्रतिष्ठित एशियन गेम्स के लिए हुआ है, वहीं 5 जूनियर पहलवानों ने एशियन चैंपियनशिप का टिकट कटाया है। एक ही अखाड़े से इतने बड़े स्तर पर खिलाड़ियों का निकलना अखाड़े की बेहतरीन ट्रेनिंग और अनुशासन को दर्शाता है।
इस शानदार सफलता पर अखाड़े के मुख्य कोच और अर्जुन अवार्ड विजेता पहलवान धर्मेंद्र ने खुशी जाहिर करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा यह इन बच्चों की सालों की कड़ी मेहनत और अखाड़े की मिट्टी के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है। मुझे पूरा विश्वास है कि थाईलैंड की धरती पर भी हमारे ये पहलवान देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे। खिलाड़ियों के चयन से पूरे क्षेत्र और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह का माहौल है। अखाड़े में मिठाइयाँ बांटी जा रही हैं और सभी पहलवानों को थाईलैंड रवानगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस मौके पर अर्जुन अवार्डी पहलवान और कोच ओमबीर पहलवन, हिन्द केसरी सोनू पहलवान, अनुराग कोच, सुधीर कोच, सेठी पहलवान, मुकेश कोच, रिंकू कोच और संजय रोहद समेत खेलप्रेमी मौजूद रहे।+

