बवानीखेड़ा: खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन मुकाबलों की धूम

बवानीखेड़ा खंड के कुंगड़ गांव में खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज। कबड्डी, खो-खो और योग में इन टीमों ने मारी बाजी, जानें पूरी खबर।

 
Haryana school sports updates

बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा खंड में आयोजित खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। कुंगड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी सतेंद्र सिंह ने किया। प्रतियोगिता में सरकारी और निजी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए 33 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, जूडो, रेसलिंग और योग सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के सफल संचालन में सचिव डीपीई देवेंद्र अत्री और कन्वीनर पीटीआई जगबीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। 23 जुलाई को कुंगड़ तथा 24 जुलाई को बवानीखेड़ा के बीके वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लड़कों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

पहले दिन इन टीमों ने मारी बाजी
कबड्डी प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में राकमावि पुर की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अंडर-19 वर्ग में कुंगड़ की टीम विजेता रही। खो-खो में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में पुर की टीमों ने बाजी मारी। वहीं अंडर-19 वर्ग में आनंद स्कूल के खिलाड़ियों ने पहला स्थान हासिल किया। योग प्रतियोगिता में कुंगड़ की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।