Bhiwani Sports Infrastructure News: जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने भिवानी भीम स्टेडियम का लिया जायजा, बीजेपी सरकार को घेरा
भिवानी। कॉमनवेल्थ खेलों में देश को सबसे ज्यादा पदक दिलाने वाले भिवानी जिले में खेल सुविधाओं की कमी को लेकर जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने सोमवार देर शाम भीम स्टेडियम का दौरा कर हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने स्टेडियम की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नींद से जागें, हिंदू-मुस्लिम से काम नहीं चलेगा।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह राजनीतिक बात नहीं बल्कि उस मिट्टी की बात है जो सोना उगलती है और ऐसा तभी होगा जब सरकार की नीयत ठीक होगी। उन्होंने कहा कि जिस स्टेडियम ने लंबे समय से देश और तिरंगे का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ी दिए हैं उसकी आज यह स्थिति है। ऐसे बदहाल स्टेडियम में खिलाड़ी कैसे तैयार होंगे और अग्निवीर बनने की तैयारी कैसे होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के खिलाड़ियों के पदक दिखाकर गर्व जताते हैं जबकि खेल बजट गुजरात को दिया जा रहा है।
उन्होंने फोन पर उपायुक्त भिवानी से भी बात की और जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की योजना के संबंध में जानकारी ली। भाजपा नेताओं की ओर से कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी हरियाणा को खेल सुविधाओं के अभाव में नहीं मिलने और इसके लिए पूर्व की कांग्रेस व इनेलो सरकारों को जिम्मेदार ठहराए जाने के बयानों पर भी दिग्विजय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी कमियों का ठीकरा दूसरों पर न फोड़े। जब पहले नहीं हुआ तो लोगों ने दूसरे दलों को चुना था। अब भाजपा को चलता करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल धर्म और जाति के सहारे चल रही है।

