समित पटेल ने 41 की उम्र में लिया संन्यास: बैन के बाद लिया बड़ा फैसला
इंग्लैंड के ऑलराउंडर समित पटेल ने घरेलू क्रिकेट को कहा अलविदा। वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो लीग में खेलने पर ECB द्वारा लगे 6 महीने के बैन के बाद लिया संन्यास का फैसला।
इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर समित पटेल ने 41 साल की उम्र में इंग्लिश घरेलू क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. यह फैसला टी20 ब्लास्ट से छह महीने के बैन के कुछ दिन बाद आया है. इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने समित पटेल पर बैन लगाया था क्योंकि उन्होंने इस साल गोवा में आयोजित वर्ल्ड लेजेंड्स प्रो लीग में भाग लिया था. इस लीग को भारत की क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मंजूरी नहीं थी. ईसीबी के नियमों के मुताबिक, बिना अनुमति वाली लीग में खेलने वाले खिलाड़ी इंग्लिश घरेलू क्रिकेट में छह महीने तक नहीं खेल सकते. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज पीटर सिडल पर भी इसी वजह से समान बैन लगा है.
समित पटेल ने किया संन्यास का ऐलान
समित पटेल ने अपने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए कहा, ‘मैं अपने घरेलू करियर का अंत कर रहा हूं, लेकिन मैं क्रिकेट से कभी दूर नहीं जाऊंगा. मैं अब कोचिंग, मेंटरिंग और कमेंट्री में अपने अगले कदम उठाने के लिए उत्सुक हूं. यह खेल मुझे बहुत कुछ दे चुका है. मैंने जीवन भर के दोस्त बनाए हैं और दुनिया भर की यात्रा, ट्रॉफियां जीतने की यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी.’
बीबीसी से बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि वर्ल्ड लेजेंड्स लीग में खेलने को लेकर काफी अनिश्चितता थी, लेकिन अब इसे पीछे छोड़कर आगे बढ़ना है. उन्होंने कहा कि शायद वह उस लीग में नहीं खेलते, लेकिन अब यह फैसला उनके रिटायरमेंट को तेजी से आगे लाया है. उनका यह फैसला क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन उन्होंने साफ किया कि क्रिकेट से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा.
समित पटेल का शानदार करियर
समित पटेल का करियर काफी लंबा और सम्मानजनक रहा. उन्होंने नॉटिंघमशर के लिए 22 साल से ज्यादा समय तक सभी फॉर्मेट में खेला और डर्बीशर के साथ भी थोड़ा समय बिताया. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने कुल 231 फर्स्ट क्लास मैच, 253 लिस्ट ए मैच और 429 टी20 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने कुल 25973 रन बनाए और 957 विकेट चटकाए. वहीं, इंटरनेशनल लेवल पर उन्होंने इंग्लैंड के लिए 6 टेस्ट, 36 वनडे और 18 टी२० इंटरनेशनल मैच खेले. उनका आखिरी टेस्ट मैच 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में था, जो उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच भी था.

