IND vs AFG Test: शुभमन और राहुल के शतक, पहले दिन भारत का स्कोर 368/3

मुल्लांपुर टेस्ट के पहले दिन भारत ने बनाए 368/3 रन। शुभमन गिल और केएल राहुल ने जड़े शानदार शतक, ऋषभ पंत ने लगाई ताबड़तोड़ फिफ्टी।

 
साई सुदर्शन 81 रन

चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा. भारतीय बल्लेबाजों के दबदबे के आगे अफगानिस्तान के गेंदबाज बेबस नजर आए. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ही दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 368 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया.मैच के पहले दिन दो शानदार शतक देखने को मिले, जिसने भारत को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया है. वहीं, अफगानिस्तान की ओर से जमकर गलतियां देखने को मिलीं.

पहले दिन लगे 2 शतक

इस मुकाबले में भारतीय पारी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल सिर्फ 24 रन बनाकर मोहम्मद सलीम का शिकार बन गए. लेकिन इसके बाद अफगान टीम को विकेट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. नंबर 3 पर आए साई सुदर्शन के साथ मिलकर केएल राहुल ने पारी को संभाला. राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए. हालांकि, वह अपना शतक पूरा करने की ठीक अगली ही गेंद पर जियाउर रहमान की गेंद पर कैच थमा बैठे. राहुल और सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए 139 रनों की मजबूत साझेदारी हुई.

युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन ने भी काफी सधी हुई पारी खेली. उन्होंने मैदान के चारों ओर 13 चौके जड़े, लेकिन वह अपने पहले टेस्ट शतक से चूक गए और 81 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए. सुदर्शन के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की. गिल ने मैच पर अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी और सिर्फ 138 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया. दिन का खेल खत्म होने तक गिल 103 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे.

ऋषभ पंत ने भी ठोकी फिफ्टी

दिन के आखिरी सेशन में ऋषभ पंत ने भी कमाल की बल्लेबाजी की. उन्होंने आते ही अफगान गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और अपनी पारी में 3 गगनचुंबी छक्के लगाए. खेल समाप्त होने तक पंत 50 रन बनाकर नाबाद लौटे और कप्तान गिल के साथ चौथे विकेट के लिए एक मजबूत नाबाद साझेदारी की.

अफगानिस्तान को गलतियां पड़ी भारी

मैच के पहले दिन अफगानिस्तान की ओर से तीन बड़ी गलतियां भी देखने को मिलीं, जो उनको काफी भारी पड़ीं. अफगानिस्तान ने यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन का एक-एक कैच छोड़ा, जो उन्हें काफी भारी पड़ा. वहीं, केएल राहुल शतक जड़ने से पहले ही कैच आउट हो गए थे. लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया और अफगानिस्तान ने DRS भी नहीं लिया, जिसके चलते केएल राहुल बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहे.