2011 वर्ल्ड कप जीत के 15 साल: सचिन हुए भावुक, क्या टूटेगा युवी का वर्ल्ड रिकॉर्ड?

भारत की 2011 विश्व कप जीत के 15 साल पूरे। सचिन तेंदुलकर ने साझा किया खास वीडियो। जानें युवराज सिंह का वो 'अजेय' वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया।

 
क्रिकेट इतिहास के यादगार पल

ODI World Cup 2011 का खिताब जीते भारत को 15 साल हो गए. 2 अप्रैल 2011 को भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में मुंबई के वानखेड़े मैदान पर दूसरी बार विश्व विजेता का चोला पहना था. उसी के साथ सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड कप जीतने का सपना भी पूरा हुआ था. भारत ने उस वर्ल्ड कप को पूरे टीम एफर्ट से जीता था. ज्यादातर खिलाड़ियों के नाम उपलब्धियां जुड़ी थीं. लेकिन, जो कामयाबी युवराज सिंह ने हासिल की थी, वो वर्ल्ड रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा है. सवाल है क्या ODI वर्ल्ड कप 2027 में वो रिकॉर्ड टूटेगा?

टीम इंडिया की नई जर्सी में सचिन का 15 साल पुराना एहसास

वनडे वर्ल्ड कप 2011 जीतने के 15 साल पूरे होने पर सचिन तेंदुलकर ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो टीम इंडिया की नई जर्सी में अपने 15 साल पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं. सचिन तेंदुलकर ने शेयर किए वीडियो के जरिए ODI वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में पहली गेंद खेलने के अपने एहसास को बयां किया है. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि पहले गेंद हमेशा दिल की धड़कन बढ़ा देती है… और उस रात, ऐसा होना मतलब दिल का धड़कना कभी बंद नहीं हुआ. यहां उस रात से मतलब फाइनल से पहले वाली रात से है.

सचिन ने आगे लिखा कि 15 साल बाद भी वो पल उनके दिल के करीब हैं. उन्होंने बताया कि कैसे एक टीम के तौर पर सभी खिलाड़ियों का एक ही सपना था- भारत के लिए वर्ल्ड कप जीतना. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जीतने के सफर में जुड़े सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फेंस का तहे दिल से शुक्रिया किया है.

ODI वर्ल्ड कप 2027 में क्या टूटेगा युवराज का रिकॉर्ड?

अब सवाल है कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में युवराज सिंह का रिकॉर्ड कौन तोड़ेगा? सबसे पहले तो जाानिए कि युवराज सिंह का रिकॉर्ड है क्या? भारत के दिग्गज ऑलराउंडर ने वो रिकॉर्ड साल 2011 में जीते वर्ल्ड कप में बनाया था. उसी की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था. युवराज सिंह का वो रिकॉर्ड बतौर ऑलराउंडर 300 प्लस रन बनाने और 15 विकेट चटकाने से जुड़ा है. वर्ल्ड कप के इतिहास में युवराज सिंह इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ऐसा किया है. उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2011 में 90.5 की औसत से 362 रन बनाए थे. साथ ही गेंदबाजी में 15 विकेट लिए थे.

भारत के 2011 का वर्ल्ड कप जीतने के बाद 3 वर्ल्ड कप तो और निकल गए मगर युवराज सिंह का रिकॉर्ड जस का तस है. अब देखना ये है कि जो रिकॉर्ड 2015, 2019 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में नहीं टूटा क्या वो वनडे वर्ल्ड कप 2027 में टूटता है?