IND-W vs AUS-W Test: पर्थ टेस्ट में भारतीय महिला टीम की करारी हार; ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से जीता मैच, 5-2 से मल्टी-फॉर्मेट सीरीज पर कब्जा

पर्थ के WACA ग्राउंड पर खेले गए डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने भारत को 10 विकेट से रौंद दिया। ऐनाबेल सदरलैंड के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने न केवल टेस्ट मैच जीता, बल्कि मल्टी-फॉर्मेट सीरीज भी 5-2 से अपने नाम कर ली। जानें टीम इंडिया की हार के मुख्य कारण।

 
भारतीय महिला क्रिकेट टीम हार

पर्थ के वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड (WACA) में खेला गया डे-नाइट टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने आसानी से जीत लिया. इस मुकाबले में भारतीय महिला टीम पूरी तरह फ्लॉप रही, जिसके चलते उसने मल्टी फॉर्मेट सीरीज भी गंवा दी. भारतीय महिला टीम इस मुकाबले में 3 दिन भी नहीं टिक सकी और तीसरे दिन के पहले सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से बाजी मार ली.

भारतीय बल्लेबाजी ने किया निराश

मुकाबले में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी चुनी और वह पहले ही सेशन से मैच में हावी रही. भारतीय टीम पहली पारी में 62.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई. जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स ने अर्धशतक जमाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं पाईं. ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी में ऐनाबेल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाए. जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया को 125 रनों की मजबूत बढ़त मिली.

ऐनाबेल सदरलैंड ने गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी कमाल किया और शतक जड़ते हुए 129 रनों की पारी खेली. एलिस पेरी ने भी 76 रन बनाए और इस दौरान महिला टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गईं. दूसरी ओर. भारत की सयाली सतघरे ने डेब्यू पर 4 विकेट लिए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक नहीं पाई.

दूसरी पारी भी रही खराब

भारतीय टीम दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर की. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा एक बार फिर जल्दी आउट हो गईं. सदरलैंड और डेब्यूटेंट लूसी हैमिल्टन ने मिलकर टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया. जिसके चलते भारतीय टीम इस पारी में भी 149 रन बनाकर ढेर हो गई. टीम ने ये स्कोर भी प्रतिका रावल की 63 रनों जुझारू पारी के चलते बनाया और ऑस्ट्रेलिया को 25 रनों का टारगेट दिया. जिसके ऑस्ट्रेलिया ने 4.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया.

ऑस्ट्रेलिया ने 5-2 से जीती सीरीज

ये एक मल्टी फॉर्मेट सीरीज थी, जिसमें 3 टी20, 3 वनडे और 1 टेस्ट मैच शामिल था. भारत ने टी20 सीरीज 2-1 से जीतकर बढ़त बनाई थी. लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दमदार वापसी की. पहले वनडे सीरीज को 3-0 से जीता और अब ये टेस्ट जीतकर सीरीज को 5-2 से अपने नाम कर लिया.