IPL 2026: क्या मुंबई इंडियंस अब भी पहुंच सकती है प्ले-ऑफ में? जानें समीकरण
मुंबई इंडियंस के 10 मैचों में केवल 6 अंक हैं। जानें कैसे अगले 4 मैचों में जीत और रन रेट के दम पर MI अब भी प्ले-ऑफ का टिकट हासिल कर सकती है।
अब तक खेले 10 मुकाबलों में सिर्फ 3 जीत के बाद मुंबई इंडियंस के लिए प्ले ऑफ की राह को आसान तो कहीं से नहीं कहा जा सकता. लेकिन, इसका ये भी मतलब नहीं कि 5 बार के इस IPL चैंपियन के लिए सारे दरवाजे ही बंद हो गए हैं. मुंबई इंडियंस ने अब भी अगर ग्रुप स्टेज पर बाकी बचे 4 मुकाबलों को जीत लिया तो उसकी बात बन सकती है. उसे प्ले ऑफ का टिकट मिल सकता है. हां, ये जरूर है कि अपनी जीत के साथ-साथ उसे बाकी टीमों के प्रदर्शन पर भी नजरें गड़ाए रखनी होंगी.
10 मैचों में 3 जीते, टॉप-4 में जगह बनेगी कैसे?
मुंबई इंडियंस के पहले 10 मैचों में 3 जीत और 7 हार के साथ 6 अंक हैं. वहीं उसका रन रेट माइनस में ( -0.649) है. 10 टीमों के पॉइंट्स टेबल में ये टीम अभी 9वें नंबर पर है. जबकि, प्लेऑफ के टिकट के लिए टॉप-4 टीमों में जगह बनाना जरूरी है. अब सवाल है ये होगा कैसे?
मुंबई इंडियंस के हाथ में क्या है?
मुंबई इंडियंस के प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता सीधा बिल्कुल भी नहीं है. मगर जो उसके हाथ में है उसे अपनी मेहनत से पूरा कर बाकी किस्मत के सहारे छोड़ना होगा. मुंबई इंडियंस के हाथ में हैं अगले 4 मुकाबले, जिसे अगर उसने बड़े मार्जिन से जीत लिए तो दाल गल सकती है. मुंबई इंडियंस को अगले 4 मैच RCB, पंजाब किंग्स, KKR और राजस्थान रॉयल्स से खेलने हैं. इनमें से 3 टीमें वो हैं, जो पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 में बनी हैं मतलब प्ले ऑफ की रेस में आगे दौड़ रही हैं. मुंबई इंडियंस को प्ले ऑफ का टिकट पाने के लिए चारों टीमों के खिलाफ मुकाबले को हर हाल में जीतना होगा. इनमें से एक भी टीम से हारे तो बिना किसी अगर-मगर के प्लेऑफ में जाने की उनकी उम्मीद वहीं धराशायी हो जाएगी.
जीत के साथ-साथ नेट रन रेट का भी रखना होगा ख्याल
मुंबई इंडियंस को अगले चारों मैचों में जीत के अंतर का भी ख्याल रखना होगा, जो कि बड़ा होना चाहिए. ऐसा इसलिए क्य़ोंकि उसे अपने रन रेट का भी ख्याल रखना है. अब सवाल है कि अगर मुंबई इंडियंस ने अगले चारों मैच जीत लिए तो भी उसके 14 अंक ही रहेंगे. क्या इतने पॉइंट उसे प्ले ऑफ में ले जाने के लिए काफी होंगे?
पॉइंट्स टेबल में बाकी टीमों के मुकाबले MI कहां?
IPL 2026 के 47 मैचों के बाद सामने आए पॉइंट्स टेबल में 4 टीमों के पास 12-12 अंक हैं. वहीं पंजाब किंग्स जो टॉप पर काबिज है. उसके 13 अंक हैं. मुंबई इंडियंस के लिए समस्या ये है कि पॉइंट्स टेबल में टॉप की जो दो टीमें- पंजाब किंग्स और RCB हैं- उन्होंने उनसे एक-मुकाबला कम भी खेला है. मतलब 9-9 मैच खेलने के बाद पंजाब किंग्स के 13 अंक और RCB के 12 पॉइंट हैं. RCB के जैसे SRH, राजस्थान ऱॉयल्स और गुजरात टाइटंस के भी 12-12 पॉइंट हैं, मगर इन्होंने 10-10 मैच खेले हैं. पॉइंट्स टेबल में नीचे की 5 टीमों में से 4 ने अभी 9-9 मुकाबले ही खेले हैं, जो कि मुंबई इंडियंस के लिए एक और समस्या है.
खुद की जीत के साथ-साथ दूसरों की हार जरूरी
मुंबई इंडियंस को प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए अपनी जीत के साथ-साथ दूसरी टीमों के अपने बचे मुकाबलों में हार की भी जरूरत होगी. इनमें ज्यादातर वो टीमें हैं जो पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बैठी है. पंजाब किंग्स जैसे अपने शुरुआती 7 मुकाबले नहीं हारी, ठीक वैसे ही बाकी बचे 5 मुकाबलों में हार जाए तो IPL 2026 में उसकी गाड़ी 13 अंक पर ही रुक जाएगी. इसी तरह RCB, SRH, राजस्थान और गुजरात की टीमों का भी खेल बिगड़ता है और वो आगे आने वाले मुकाबलों में हारते हैं तो फिर मुंबई इंडियंस के लिए अपने बाकी 4 मुकाबले जीतते हुए प्लेऑफ में जाने की अच्छी राह तैयार हो सकती है. हालांकि, टॉप-5 में शामिल टीमों की हार में CSK या DC जैसी टीमों का कोई बड़ा फायदा ना हो, इस पर भी ध्यान रखना होगा.
मेहनत के साथ घुली किस्मत तो MI को मिलेगा प्लेऑफ का टिकट!
IPL में 14 पॉइंट के साथ में कई बार टीमों ने प्ले ऑफ का टिकट कटाया है. मुंबई इंडियंस भी अगले चोरों मैच जीतते हैं तो उनके 14 अंक होंगे. लेकिन, इस बार मुकाबला जरा कांटे का है. इसलिए 14 पॉइंट सुरक्षित नहीं हैं. ऐसे में मुंबई इंडियंस को प्ले ऑफ में जाने के लिए मेहनत के साथ थोड़े किस्मत के साथ की भी जरूरत है.

