नेमार का इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास, ब्राजील के लिए खत्म हुआ एक युग
ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार जूनियर ने इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद लिया फैसला। पढ़ें उनके शानदार करियर की पूरी डिटेल।
ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है. उन्होंने अपने 16 साल के इंटरनेशनल करियर का अंत न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में किया. बड़ी बात ये है कि 2010 में इसी स्टेडियम में उनके इंटरनेशनल करियर की शुरुआत भी हुई थी. नेमार ने अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का फैसला फीफा वर्ल्ड कप 2026 से ब्राजील के बाहर होने के बाद लिया. ब्राजील को राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में नॉर्वे के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में ब्राजील के लिए इकलौता गोल नेमार ने ही किया.
जहां से किया करियर शुरू, नेमार ने वहीं खेला आखिरी मैच
राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे के हाथों ब्राजील की हार के बाद नेमार ने कहा कि उन्होंने बहुत कोशिश की लेकिन अब सब खत्म हो चुका है. मैंने मेटलाइफ स्टेडियम से ही अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी और अब इसी स्टेडियम पर उस सफर का अंत कर रहा हूं.
नेमार की वो ख्वाहिश जो रह गई अधूरी
नेमार के संन्यास के फैसले के साथ ही उनकी ब्राजील को चैंपियन बनाने की ख्वाहिश भी अधूरी रह गई. ब्राजील को वर्ल्ड कप जिताने का सपना लिए नेमार ने फुटबॉल की दुनिया में कदम रखा था. लेकिन 16 साल के करियर को दौरान अपने उस सपने को पूरे करने के आस-पास भी वो नहीं पहुंच सके. नेमार ने 2014, 2018, 2022 और 2026 के फीफा वर्ल्ड कप में ब्राजील का प्रतिनिधित्व किया. इन 4 वर्ल्ड कप में उन्होंने 9 गोल दागे.
नेमार का इंटरनेशनल करियर
नेमार ने ब्राजील के लिए 130 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 80 गोल दागे हैं. वो ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. ब्राजील को 2013 का फीफा कॉन्फडरेशन कप जिताने और 2016 में ओलंपिक चैंपियन में नेमार की बड़ी भूमिका रही थी.

