East Zone vs Central Zone Duleep Trophy: बेंगलुरु में खेला जा रहा सेमीफाइनल मुकाबला, वैभव ने संभाली कप्तानी

ईशान किशन के चोटिल होने के बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन का कप्तान बनाया गया है।
 
15 year old Vaibhav Suryavanshi captain

15 साल के वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के कप्तान बने हैं. उन्होंने कप्तानी की बागडोर तब संभाली, जब ईशान किशन को चोट के चलते मैदान के बाहर होना पड़ा. ईशान किशन को हाथ की उंगली में चोट लगी है. दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ईस्ट जोन का मुकाबला सेंट्रल जोन से है. दोनों टीमों के बीच ये मैच बेंगलुरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है.वैभव सूर्यवंशी के छोटे से रेड बॉल करियर में ये पहली बार है, जब वो टीम की कप्तानी कर रहे हैं.

ईशान किशन की जगह वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान

ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 19वें ओवर तक कप्तानी की. उसी ओवर के दौरान अभिजीत सरकार की एक गेंद विकेटकीपिंग कर रहे ईशान के बाएं हाथ में जा लगी. चोट लगने के बाद टीम के फीजियो ने आकर ईशान की जांच की, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. ईशान की जगह विकेटकीपिंग की कमान कुमार कुशाग्र ने संभाली जबकि ईस्ट जोन की कप्तानी की बागडोर उप-कप्तान वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई.

वैभव सूर्यवंशी पहली बार बने कप्तान

ये पहली बार है जब वैभव सूर्यवंशी को इतने बड़े लेवल पर कप्तानी करने का मौका मिला है. इससे पहले वो पिछले रणजी सीजन में बिहार के उप-कप्तान बनाए गए थे. इसके अलावा वो इंडिया अंडर 19 टीम में भी उप-कप्तानी की भूमिका में ही थे.

दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने किया डेब्यू

वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल दलीप ट्रॉफी में डेब्यू भी किया है. उन्होंने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में डेब्यू किया था, जहां खेली एक पारी में उन्होंने बस 8 रन बनाए थे. उसके अलावा एक ही ओवर में 2 विकेट भी चटकाए थे. अब सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला दलीप ट्रॉफी में उनका दूसरा मैच है, जिसमें अब वो कप्तान भी बन गए है.