वेनेजुएला भूकंप: फुटबॉलर लुकास ट्रेजो का परिवार लापता, मलबे में घर जमींदोज
वेनेजुएला भूकंप ने फुटबॉलर लुकास ट्रेजो की दुनिया उजाड़ दी। ला गुएरा में उनका घर ढहा, पत्नी और दो बच्चे लापता। लुकास ने सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार।
वेनेजुएला में आए भयंकर भूकंप ने अर्जेंटीना के अनुभवी फुटबॉलर लुकास ट्रेजो (Lucas Trejo) की जिंदगी में एक ऐसा तूफान ला दिया है, जिसने पूरे खेल जगत को झकझोर कर रख दिया. कोपा वेनेजुएला (Copa Venezuela) टूर्नामेंट मुकाबले की तैयारियों के लिए अपनी टीम के साथ काराकास में मौजूद 38 साल के डिफेंडर लुकास ट्रेजो के पैर तले उस वक्त जमीन खिसक गई, जब उन्हें पता चला कि उनकी वह बहुमंजिला इमारत पूरी तरह जमींदोज हो चुकी है, जिसमें उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे रह रहे थे.
लुकास ट्रेजो का परिवार लापता
24 जून 2026 को वेनेजुएला की धरती एक के बाद एक दो विनाशकारी भूकंपों से कांप उठी. पहला झटका 7.2 तीव्रता का था और इसके संभलने से पहले ही 7.5 तीव्रता का दूसरा सबसे घातक झटका लगा. लुकास ट्रेजो के निवास स्थान ला गुएरा में तबाही सबसे भयानक रही, इसी तबाही में लुकास ट्रेजो के घर की इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. मूल रूप से अर्जेंटीना के कॉर्डोबा के रहने वाले लुकास ट्रेजो को फुटबॉल के मैदान पर उनके मजबूत खेल के कारण ‘द जनरल’ के नाम से जाना जाता है. लेकिन इस त्रासदी ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया है.
अपने परिवार की कोई खबर न मिलने पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक और हताश कर देने वाली स्टोरी पोस्ट की. उन्होंने रोते हुए दुनिया भर के फैंस से गुहार लगाई कि अगर कोई भी ला गुएरा के उस मलबे के पास मौजूद है, तो कृपया उन्हें उनकी पत्नी यानिना मारनिला, बेटे आरोन और बेटी ऐनहोआ की सलामती की खबर दे. यह पोस्ट देखते ही देखते अर्जेंटीना और वेनेजुएला के खेल जगत में वायरल हो गई.
कौन हैं लुकास ट्रेजो?
38 साल के लुकास ट्रेजो वेनेजुएला सेगुंडा डिवीजन क्लब मैरिटिमो के लिए डिफेंडर के रूप में खेलते हैं. वह वेनेजुएला के फुटबॉल क्लब मोनागास स्पोर्ट क्लब का भी हिस्सा रहे हैं. इससे पहले लुकास ट्रेजो यूरोप, अमेरिका, कोलंबिया, पेरू और मैक्सिको के क्लबों के लिए खेल चुके हैं.

