Virat Vs Rabada: विराट ने 65 दिन में पलटी बाजी; रबाडा को धोकर RCB को बनाया चैंपियन

IPL 2026 में विराट कोहली ने कैगिसो रबाडा के खौफ को किया खत्म। 237 के स्ट्राइक रेट से कूटे रन और फाइनल में रबाडा के सामने ही RCB को जिताया पहला खिताब। जानें आंकड़े।

 
विराट कोहली स्ट्राइक रेट बनाम रबाडा

 विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा के खिलाफ अपनी लड़ाई जीत ली है. 65 दिन में ही दोनों के बीच का पूरा मामला पलट गया है. अब आप कहेंगे कि हम यहां दोनों के बीच का किस लड़ाई और कौन से 65 दिन की बात कर रहे हैं? यहां लड़ाई से मतलब T20 की पिच पर विराट और रबाडा की आमने-सामने की टक्कर से है. IPL 2026 के शुरू होने से पहले तक उसमें पलड़ा रबाडा का पूरी तरह से भारी था. लेकिन, भारतीय T20 लीग के खत्म होते-होते आंकड़े कुछ और ही कहानी कहते दिखे. विराट ने पूरी तरह से IPL 2026 के दौरान रबाडा पर अपना दबदबा बना लिया.

IPL 2026 के शुरू होने से पहले विराट Vs रबाडा

साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा के खिलाफ विराट कोहली का रिकॉर्ड IPL 2026 के शुरू होने से पहले तक यानी 27 मार्च 2026 तक T20 की पिच कुछ और ही था. उनका स्ट्राइक रेट 115 का भी नहीं था. लेकिन, IPL 2026 के दौरान वही स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा का हो जाता है. स्ट्राइक रेट का ये फर्क बताता है कि अपने ऊपर जमे रबाडा के कंट्रोल को विराट ने कैसे खत्म कर दिया है?

T20 में विराट कोहली ने रबाडा के खिलाफ IPL 2026 से पहले तक 60 गेंदों में 113.3 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 68 रन बनाए थे. इस दौरान रबाडा ने कोहली को एक, दो या तीन नहीं बल्कि 5 बार आउट किया. वहीं अगर बात IPL 2026 की करें तो विराट पूरी तरह से ये लड़ाई जीतते दिखते हैं.

IPL 2026 के दौरान विराट Vs रबाडा

T20 की पिच पर IPL 2026 के दौरान विराट कोहली ने कैगिसो रबाडा के खिलाफ 37 गेंदों का सामना कर 88 रन बनाए हैं. इस दौरान रबाडा के खिलाफ विराट का स्ट्राइक रेट 237.8 का रहा है. वहीं वो आउट भी सिर्फ एक बार हुए हैं.

रबाडा के सामने ही विराट ने RCB को बनाया चैंपियन

कैगिसो रबाडा ने IPL 2026 में सबसे ज्यादा 29 विकेट चटकाए हैं. उन्होंने पर्पल कैप जीता है. मगर सारे गेंदबाजों के बीच अपने नाम का लोहा मनवाने वाले रबाडा, विराट कोहली के खिलाफ अपनी लड़ाई हारते दिखे. विराट कोहली ने भले ही IPL 2026 का ऑरेंज कैप नहीं जीता हो मगर अपनी टीम RCB के लिए मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा 675 रन उन्होंने ही बनाए हैं. इसमें IPL फाइनल में उनके बल्ले से निकले नाबाद 75 रन बेशकीमती रहे, जो कि रबाडा और उनकी टीम गुजरात टाइटंस के सामने ही आए हैं.