{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Indian Boxing Team Asian Games 2026: जापान में पंच दिखाएंगे 11 भारतीय मुक्केबाज, पटियाला में चल रही जोरदार तैयारी

20वें एशियन गेम्स के लिए भारतीय मुक्केबाजी टीम पटियाला में बहा रही पसीना। हरियाणा के मुक्केबाजों की मजबूत मौजूदगी।
 

भिवानी। एशियन गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग टीम में एक बार फिर हरियाणा के मुक्केबाजों की मजबूत मौजूदगी रहेगी। एशियाई चुनौती के लिए भारतीय टीम के 11 मुक्केबाज इन दिनों पटियाला में पसीना बहा रहे हैं।

सितंबर में टीम जापान रवाना होगी जहां एशियन गेम्स से पहले प्रशिक्षण शिविर में मुक्केबाज तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। एशियन गेम्स की मुक्केबाजी स्पर्धाएं 19 सितंबर से शुरू होंगी। यह जानकारी महासचिव चौधरी प्रमोद कुमार युगल ने दी।


20वें एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। एशिया के शीर्ष खिलाड़ी विभिन्न खेलों में पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे। मुक्केबाजी भारतीय दल के प्रमुख पदक दावेदार खेलों में शामिल है। भारतीय बॉक्सिंग टीम में पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर 11 मुक्केबाज शामिल हैं।

पुरुष वर्ग में जदुमणि 55 किग्रा, सचिन सिवाच जूनियर 60 किग्रा, सुमित कुंडू 70 किग्रा, अंकुश पंघाल 80 किग्रा, कपिल पोखरिया 90 किग्रा और नरेंद्र बेरवाल 90 प्लस किग्रा भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिला वर्ग में साक्षी चौधरी ढांडा 51 किग्रा, प्रीति पवार 54 किग्रा, प्रिया घणघस 60 किग्रा, परवीन हुड्डा 65 किग्रा और लवलीना बोरगोहेन 75 किग्रा भार वर्ग में भारत की चुनौती पेश करेंगी।