{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: 'हरियाणा गौरव अवॉर्ड' से 110 प्रतिभाएं सम्मानित, खेल नर्सरियों पर जोर

भिवानी में हरियाणा गौरव अवॉर्ड समारोह संपन्न! एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन गुलाब सिंह सैनी और विधायक घनश्याम सर्राफ ने 110 अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को किया सम्मानित।

 

भिवानी। दक्षिण काली नवदुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित हरियाणा गौरव अवाॅर्ड समारोह में एशियन कबड्डी फेडरेशन के चेयरमैन गुलाब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेलों को जमीनी स्तर पर मजबूत कर रही हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की 110 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

नवदुर्गा सेवा सहयोग संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नंदलाल चावला मेमोरियल ट्रस्ट का संयोजन रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ ने की जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मेंद्र जिंदल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच संचालन बिजेश जावला और मास्टर मनोज सैनी ने किया।

संस्था के मीडिया कोऑर्डिनेटर सुरेश सैनी और ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद चावला ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 110 लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें 45 राष्ट्रीय खिलाड़ी, 10 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, 35 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कोच, 10 सामाजिक संस्थाएं और 10 प्रबुद्ध सामाजिक व्यक्ति शामिल रहे। सुरेश सैनी ने कहा कि संस्था ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती रही है।

मुख्य अतिथि गुलाब सिंह सैनी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी 65 प्रतिशत युवा जनसंख्या है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में करीब 4500 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं जिससे जूनियर स्तर से ही खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा रहा है।

विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ और भाजपा नेता धर्मेंद्र जिंदल ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रोत्साहन की भी आवश्यकता होती है। खेल कोटे के माध्यम से सरकारी नौकरियों में मिल रहे अवसर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बना रहे हैं। इस अवसर पर साक्षी मलिक के कोच मनदीप सैनी, प्रधानमंत्री द्वारा नेशनल स्टार्टअप से सम्मानित मोहित यादव, कोच रणधीर सिंह, पहलवान बिजेंद्र सिंह और डॉ. मोनिका सांगवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।