{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IND vs AFG T20 Series 2026: ब्रिक्स सम्मेलन के बीच बड़ा विवाद, बिना सुरक्षा काफिले के स्टेडियम पहुंचे भारतीय खिलाड़ी

दिल्ली में भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले सुरक्षा में चूक का मामला आया सामने। प्रैक्टिस के दौरान नहीं थी पुलिस सुरक्षा।
 

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली टी20 सीरीज गलत वजहों से सुर्खियों में बनी हुई है. सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने ब्रिक्स सम्मेलन की वजह से डीडीसीए को इस सीरीज के पहले मैच का कार्यक्रम बदलने की गुजारिश की और अब खबर है कि टीम इंडिया की सुरक्षा में चूक हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार को जब टीम इंडिया के खिलाड़ी प्रैक्टिस के लिए दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे तो उनके साथ सुरक्षा नहीं थी. प्रैक्टिस से वापस होटल लौटने के बाद ऐसा ही हुआ.

टीम इंडिया को सुरक्षा नहीं मिली?

टीम इंडिया की सुरक्षा में चूक का दावा पत्रकाल अंकन कर ने किया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा कि गुरुवार को जब श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने अपना पहला प्रैक्टिस सेशन किया तो उनके आने और जाने के समय में साथ में कोई सुरक्षा अधिकारी मौजूद नहीं था. अंकन कर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अरुण जेटली स्टेडियम में अभ्यास सत्र के लिए आते और जाते समय भारतीय टीम के साथ कोई सुरक्षाकर्मी या एस्कॉर्ट गाड़ी नहीं थी.’ बता दें दिल्ली पुलिस ने पहले ही डीडीसीए को बताया था कि भारत और अफगानिस्तान की टीम को सुरक्षा व्यवस्था में कमी का सामना करना पड़ सकता है. आमतौर पर टीमों को पुलिस काफिले के अलावा, एस्कॉर्ट कार भी मिलती हैं, जो होटल से स्टेडियम तक उनके साथ रहती है.

ब्रिक्स का सीरीज पर असर नहीं

पहले ऐसी खबरें आ रही थी कि दिल्ली पुलिस के ईमेल के बाद भारत और अफगानिस्तान टी20 सीरीज में बदलाव हो सकता है लेकिन इसे डीडीसीए ने खारिज कर दिया है. डीडीसीए के मुताबिक सीरीज तय समय पर ही होगी. तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाएंगे. बता दें टीम इंडिया अपने ही घर में मेहमान बनकर खेलने वाली है. दिल्ली का मैदान इस सीरीज में अफगानिस्तान का होम ग्राउंड होगा. टी20 सीरीज के तीनों मैच 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे.