{"vars":{"id": "123258:4912"}}

SL Squad vs India: भारत के खिलाफ पहले गॉल टेस्ट के लिए श्रीलंकाई स्क्वॉड जारी, जानें किसे मिला मौका और कौन हुआ बाहर

भारत के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रहे गॉल टेस्ट के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान। निरोशन डिकवेला की 3 साल बाद वापसी।
 

गॉल में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच शुरू होने से 3 दिन पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है. पिछले कई दिनों से श्रीलंकाई स्क्वॉड के ऐलान का इंतजार हो रहा था लेकिन कुछ अहम खिलाड़ियों की चोट के कारण श्रीलंका क्रिकेट ने इस फैसले में वक्त लिया. अब बोर्ड गॉल क्रिकेट ग्राउंड में 15 अगस्त से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच के लिए स्क्वॉड की घोषणा कर दी है. इसमें 3 साल बाद निरोशन डिकवेला को जगह मिली है, जो कुसल मेंडिस की गैरहाजिरी में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे.

श्रीलंका के स्क्वॉड में 5 स्पिनर

श्रीलंका क्रिकेट ने 12 अगस्त को अपने स्क्वॉड का ऐलान किया, जिसमें प्रभात जयसूर्या समेत 5 स्पिनर्स को चुना गया है, जिसमें कप्तान धनंजया डिसिल्वा और उप-कप्तान कामिंडु मेंडिस बतौर ऑलराउंडर भी शामिल हैं. वहीं श्रीलंकाई सेलेक्टर्स ने भारत के खिलाफ अभ्यास मैच में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ओपनर निशान मदुश्का को भी मौका दिया है. मदुश्का ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के लिए खेलते हुए दोनों पारियों में अर्धशतक जमाए थे. इनके अलावा अभ्यास मैच में खेलने वाले स्पिनर रमेश मेंडिस, सोनल दिनूषा और केशरा नुवंथा भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं.

बल्लेबाजी की बात करें तो पथुम निसांका की गैरहाजिरी में निशान मदुश्का को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है. मगर एक बार फिर श्रीलंकाई बैटिंग का भार अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल के कंधों पर रहेगा, जो पहले भी भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. वहीं उनके साथ कामिंडु मेंडिस और कप्तान धनंजया डिसिल्वा से रनों की उम्मीद रहेगी. देखने लायक ये भी होगा कि 3 साल बाद टीम में लौटे डिकवेला न सिर्फ विकेट के पीछे बल्कि विकेट के आगे कैसा प्रदर्शन करते हैं.

लाहिरु की फिटनेस पर सवाल

एक बड़ा सवाल तेज गेंदबाज लाहिरु कुमारा की फिटनेस को लेकर भी है, जो अभ्यास मैच का हिस्सा थे. हालांकि वो लंबी चोट से उबरने के बाद लौटे हैं और ऐसे में क्या वो 5 दिन के टेस्ट मैच में खेलने लायक फिट हैं या नहीं, ये अहम होगा. जाहिर तौर पर स्पिनर्स गेंदबाजी का ज्यादा भार उठाएंगे लेकिन लाहिरू का फिट रहना फिर भी जरूरी होगा क्योंकि रिवर्स स्विंग की स्थिति में उनकी रफ्तार घातक हो सकती है.

गॉल टेस्ट मैच के लिए स्क्वॉड

धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंडु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चंडीमल, पसिंदु सूरियाबंदारा, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवंथा, मिलान रत्नायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका.