{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IPL 2026: लुंगी एनगिडी की जान बचाने वाले ACP का खुलासा, कोहली को लेकर कही यह बात

दिल्ली पुलिस के ACP संजय सिंह ने लुंगी एनगिडी के लिए बनाया 11 मिनट का ग्रीन कॉरिडोर। साथ ही सुनाया विराट कोहली के साथ क्रिकेट खेलने और उनके डेडिकेशन का दिलचस्प किस्सा।

 

आईपीएल 2026 के एक मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को मैदान पर कैच लेने का कोशिश में भयानक चोट लगी थी. कैच छूटने के साथ वह जोरदार तरीके से सिर और गर्दन के बल गिर पड़े थे, जिससे मैच कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था. खिलाड़ी को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया और तुरंत अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी थी. इसी समय दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एसीपी संजय सिंह के एक्शन ने बड़ी भूमिका निभाई.पीक आवर के भारी ट्रैफिक में उन्होंने इम्प्रोवाइज्ड ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को सिर्फ 11 मिनट में अरुण जेटली स्टेडियम से BLK मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचा दिया. उन्होंने विराट कोहली को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है.

जब एक टीम में थे विराट कोहली और संजय सिंह

एसीपी संजय सिंह दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखते हैं. वह खुद एक पूर्व क्रिकेटर रहे हैं और उनके क्रिकेट करियर का गहरा संबंध दिल्ली की घरेलू क्रिकेट से रहा है. उन्होंने गौतम गंभीर और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ मैदान शेयर किया है. हाल ही में रेव स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में एसीपी संजय सिंह ने विराट कोहली के साथ अपनी एक दिलचस्प कहानी शेयर की.

ACP संजय सिंह ने बताया कि ये साल 2003-04 की बात है, तब दिल्ली पुलिस में लीग मैच हुआ करते थे और फिर अलग-अलग लीग की टॉप-16 टीमें आपस में खेलती थीं. तब विराट कोहली 16 साल के लड़के थे. उनकी टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई थी और हमारी कर गई थी. तो टूर्नामेंट में एक नियम होता था कि क्वालिफाई न करने वाली टीमों से दो खिलाड़ी टीम में शामिल किए जा सकते थे तब विराट कोहली हमारी टीम से खेले थे. जिसके चलते उन्हें विराट के साथ मैदान शेयर करने का मौका मिला.

विराट के डेडिकेशन की तारीफ की

ACP संजय सिंह ने ये भी बताया कि टूर्नामेंट में मैच के दिन काफी बारिश हुई थी और फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में पानी भर गया था. तब हमारे सारे खिलाड़ी चाय-पकौड़े खा रहे थे और विराट कोहली घंटों तक इनडोर अभ्यास करते रहे, इसी डेडिकेशन की वजह से वो आज यहां तक पहुंचे हैं.