IPL 2026 Points Table: KKR की जीत से दिल्ली पस्त, जानें प्लेऑफ का पूरा समीकरण
KKR ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें जगाईं। जानें पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल, सनराइजर्स हैदराबाद की बादशाहत और DC के बाहर होने का कारण।
आईपीएल 2026 के 51वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से रौंदकर पॉइंट्स टेबल में अहम छलांग लगाई है. इस जीत के साथ KKR अब प्लेऑफ की रेस में पूरी तरह वापस आ गई है. लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के लिए प्लेऑफ का रास्ता लगभग खत्म हो गया है. अब उनके हाथों में कुछ भी नहीं है, अगर वह अपने बचे हुए मैच जीतती भी है, तो भी उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा.
KKR ने पॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 10 मैचों में चौथी जीत हासिल की है. वहीं, उसका एक मैच बारिश में भी धुला है, जिसके चलते अब उसके 9 पॉइंट्स हो गए हैं. जिसके चलते वह दिल्ली को पछाड़कर 7वें स्थान पर आ गई है. हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स का नेट रन रेट अभी भी -0.169, जो उसके लिए बड़ी टेंशन है. वहीं, प्लेऑफ की रेस में उसने अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. इसके अभी भी 4 मैच बाकी है, ऐसे में केकेआर के पास 17 पॉइंट्स तक पहुंचने का मौका है.
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स को 11 मैचों में 7वीं हार का सामना करना पड़ा है. जिसके चलते वह 8 पॉइंट्स के साथ 8वें स्थान पर खिसक गई है. उनका नेट रन रेट भी -1.154 है. ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने बचे हुए तीनों मैच जीतती भी है, तो भी वह 14 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी. वहीं, टॉप-4 टीमें पहले ही 12 या उससे ज्यादा पॉइंट्स हासिल कर चुकी हैं. ऐसे में प्लेऑफ के लिए 14 पॉइंट्स कम पड़ सकते हैं.
टॉप-4 में इन टीमों का दबदबा
पॉइंट्स टेबल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम टॉप पर बनी हुई है. उसके 11 मैचों में 14 पॉइंट्स हैं. वहीं, पंजाब किंग्स 10 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स भी 12-12 पॉइंट्स हासिल करके टॉप-4 में बनी हुई हैं. गुजरात टाइटंस के भी 10 मैचों में 12 पॉइंट्स हैं और वह 5वें स्थान पर है. इनके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स 10 पॉइंट्स के साथ छठे नंबर पर है. दूसरी ओर, मुंबई और लखनऊ 6-6 पॉइंट्स के साथ सबसे नीचे चल रही हैं.