{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Jai Meena Soft Tennis History: एशियन गेम्स में जय मीणा ने रचा इतिहास, सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया पहला मेडल

एशियन गेम्स 2026 में जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर रचा इतिहास। भारत को इस खेल में मिला पहला पदक।
 

भारत ने सॉफ्ट टेनिस में इतिहास रचा है. भारत के लिए ये इतिहास रचने वाले हैं जय मीणा, जिन्होंने इस खेल में देश को पहला पदक दिलाया है. उन्होंने भारत के लिए सॉफ्ट टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. जय मीणा को सेमीफाइनल मुकाबले में हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है. इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराकर देश के लिए मेडल पक्का किया था. हालांकि, वो मेडल का रंग बदलने में नाकाम रहे.

जय मीणा के जीते मेडल की खासियत

एशियन गेम्स 2026 में जय मीणा का जीता ब्रॉन्ज मेडल भारत का 9वां पदक है. ये भारत की झोली में गिरा चौथा ब्रॉन्ज मेडल हैं और तीसरा ऐसा मेडल जो शूटिंग से परे किसी खेल में आया है. ये सॉफ्ट टेनिस में भारत को मिला अब तक का पहला मेडल है.

कौन हैं जय मीणा?

जय मीणा मध्य प्रदेश के देवास जिले के रहने वाले हैं. जय मीणा को भी बचपन में दूसरे भारतीय बच्चों की तरह क्रिकेट ही पसंद था. लेकिन, स्कूल में उनका रुझान टेनिस की तरफ हुआ, जहां से उन्हें सॉफ्ट टेनिस में अपना करियर बनाने में मदद मिली. जय मीणा पोल वॉल्ट में भारतीय नेशनल रिकॉर्ड बनाने वाले देव मीणा के चचेरे भाई हैं

जय मीणा सॉफ्ट टेनिस में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं. जय मीणा पहली बार चर्चा में पिछले साल आए, जब उन्होंने एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता और ये मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बने. अब उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में भी वैसा ही कारनामा दोहराया है.

जय मीणा की दूसरी उपलब्धियों की बात करें तो उन्होंने साल 2024 में आध्या तिवारी के साथ मिलकर वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स में भारत के लिए पहला मेडल जीता.

क्या होता है सॉफ्ट टेनिस?

अब सवाल है कि सॉफ्ट टेनिस होता क्या है? ये कैसे खेला जाता है? टेनिस से ही निकला है सॉफ्ट टेनिस. ये उसी का ही एक पारंपरिक रूप है, जिसकी शुरुआत जापान में हुई थी. 1994 के हिरोशिमा एशियन गेम्स में पहली बार सॉफ्ट टेनिस को आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया था. सॉफ्ट टेनिस भी कोर्ट पर खेला जाता है, जो कि नेट से दो हिस्सों में बंटा होता है. सॉफ्ट टेनिस में जो गेंद इस्तेमाल होती है वो टेनिस के हार्ड और पीले रंग की गेंद के बजाए एक हल्की मुलायम रबड़ की गेंद होती है.