लोहारू खंड खेल प्रतियोगिता: कुडल और सिंघानी ने जीते कबड्डी के खिताब
लोहारू खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन हुआ। कबड्डी में कुडल और सिंघानी तथा खो-खो में फरटिया और लोहारू की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीते।
ढिगावा मंडी। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित लोहारू खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। कबड्डी में कुडल और सिंघानी की टीमों ने विभिन्न आयु वर्गों में खिताब जीते जबकि खो-खो में फरटिया और लोहारू के खिलाड़ियों ने बाजी मारी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंघानी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुडल की टीम प्रथम तथा पीएमश्री स्कूल ढिगावा की टीम द्वितीय रही। अंडर-17 वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुडल ने पहला तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोहांसड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंघानी की टीम प्रथम जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गिगनाऊ की टीम द्वितीय स्थान पर रही। खो-खो प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में राजकीय हाई स्कूल फरटिया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोहारू के खिलाड़ियों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्या सुमन देवी, प्राचार्या कमलेश कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।