{"vars":{"id": "123258:4912"}}

MI vs KKR: 25 करोड़ के कैमरन ग्रीन से क्यों नहीं कराई बॉलिंग? रहाणे का बड़ा खुलासा

KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया क्यों 25.20 करोड़ के कैमरन ग्रीन से नहीं कराई गेंदबाजी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कड़ा निर्देश और ग्रीन की इंजरी बनी बड़ी वजह।

 

MI vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए उस खिलाड़ी को चुनने का क्या फायदा, जिस पर फैसला लेने की ही इजाजत नहीं हो. वो भी तब जब उसे 25 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की मोटी रकम में रकम में खरीदा गया है. हम बात कर रहे हैं कैमरन ग्रीन की. KKR ने IPL 2026 के लिए इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. इस रकम के साथ वो IPL 2026 के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने. मगर जब मैदान पर उन्हें लेकर फैसला लेने की बारी आई तो टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे असहाय हो गए.

ग्रीन पर फैसले की इजाजत नहीं!

29 मार्च को जब आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला हुआ तो उसमें कैमरन ग्रीन ने भी शिरकत किया. अब 25.20 करोड़ के ग्रीन ने बल्लेबाजी तो की मगर गेंदबाजी में उन्हें गेंद थमाने से KKR के कप्तान हिचकते दिखे. इसलिए नहीं क्योंकि ग्रीन गेंद से असरदार नहीं होते बल्कि इसलिए क्योंकि मैनेजमेंट की तरफ से उनसे गेंदबाजी कराने की इजाजत नहीं थी.

KKR के कप्तान रहाणे ने क्या कहा?

अजिंक्य रहाणे ने इस बात का खुलासा मैच के बाद किया. रहाणे से पूछा गया कि उन्होंने ग्रीन से गेंदबाजी क्यों नहीं कराई? इस पर रहाणे ने कहा कि इसका जवाब मुझसे नहीं बल्कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से जाकर पूछिए. अब सवाल ये है कि जब T20 लीग BCCI की है तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछने जैसी बात क्यों?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कैमरन ग्रीन पर बयान

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन की लोअर बैक इंजरी का हवाला देकर उनसे गेंदबाजी ना कराने की बात KKR मैनेजमेंट से की है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को ग्रीन की चोट की जानकारी दे दी है. ग्रीन की चोट को अभी मैनेज किए जाने की जरूरत है. वो कम से कम 10-12 दिन तक गेंदबाजी नहीं कर सकते.

IPL में कैमरन ग्रीन

कैमरन ग्रीन ने बल्लेबाजी करते हुए KKR के लिए 10 गेंदों में 18 रन मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाए थे. KKR आईपीएल में कैमरन ग्रीन की तीसरी टीम है और उसके साथ ये उनका डेब्यू सीजन है. इससे पहले वो मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा थे.