{"vars":{"id": "123258:4912"}}

न्यूजीलैंड क्रिकेट: सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी, डेवन कॉनवे की वापसी

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 2026-27 के लिए 20 खिलाड़ियों की सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी की। डेवन कॉनवे और ब्लेयर टिकनर की वापसी, केन विलियमसन लिस्ट से बाहर।

 

न्यूजीलैंड ने 2026-27 के लिए अपने क्रिकेटरों के सालाना करार की घोषणा कर दी है. 20 खिलाड़ियों वाले नए कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट में कुछ बड़े फेरबदल हैं. सबसे बड़ी बात ये है कि 2 साल के बाद उसमें न्यूजीलैंड के दमदार ओपनर डेवन कॉनवे की वापसी होती दिखी है. कॉनवे के अलावा ब्लेयर टिकनर ने भी नए कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट में अपना नाम लिखा लिया है. केन विलियमसन अब इस कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट का हिस्सा नहीं हैं क्योंकि उन्होंने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिेकेट से संन्यास ले लिया.

नए कॉन्ट्रैक्ट में लौटे कॉनवे और टिकनर

डेवन कॉनवे और ब्लेयर टिकनर ने नए कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में आदि अशोक और मुहम्मद अब्बास को रिप्लेस किया है. डेवन कॉनवे पहले दो साल तक कैजुअल कॉन्ट्रैक्ट पर थे. उनका नाम सेंट्रल लिस्ट में नहीं था. लेकिन अब उन्होंने खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने के लिए उपलब्ध रखा है. न्यूजीलैंड की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक के लिए होगी, जिसमें टिकनर ने अपनी जगह पिछले कुछ महीनों में सभी फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन कर हासिल की है.

टिकनर ने इंटरनेशनल क्रिकेट की पिछली 8 में से 5 पारियों में 4 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं. इसी दौरान उन्होंने पिछले महीने आयरलैंड के खिलाफ खेले टेस्ट में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार 5 विकेट भी लिया.

न्यूजीलैंड क्रिकेट की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में मिचेल हे और जैक फॉल्क्स ने अपनी जगह सुरक्षित रखी है. ये दोनों खिलाड़ी पिछले साल ही पहली बार कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में आए थे. न्यूजीलैंड के लिए इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धता बीते कुछ समय में तीनों फॉर्मेट में देखने को मिली है.

ये हैं वो 20 खिलाड़ी, जिन्हें कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में मिली जगह

टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल,मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, हेनरी निकल्स, विल ओ रॉर्की, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, विल यंग