Pakistan Cricket: मोहम्मद आमिर जैसा कांड? नेशनल T20 कप में असद अख्तर की 'बड़ी' नो-बॉल से मचा हड़कंप; फैंस ने उठाई फिक्सिंग की जांच की मांग
पाकिस्तान के नेशनल T20 कप में तेज गेंदबाज असद अख्तर की एक 'विशाल' नो-बॉल ने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। 2010 के मोहम्मद आमिर स्कैंडल से की जा रही तुलना के बीच फैंस PCB से स्पॉट फिक्सिंग की जांच की मांग कर रहे हैं। जानें क्या है पूरा मामला।
पाकिस्तान क्रिकेट का इतिहास मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग के कई काले अध्यायों से भरा पड़ा है. मोहम्मद आमिर का 2010 स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल, जहां उन्होंने जानबूझकर नो-बॉल फेंकी थी, आज भी याद किया जाता है. उस घटना के बाद आमिर पर 5 साल का बैन लगा और जेल भी गए थे. अब एक बार फिर डोमेस्टिक लेवल पर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने फैंस और क्रिकेट फैंस के बीच बहस छेड़ दी है. फैंस इस घटना की भी जांच करने की मांग उठा रहे हैं.
सवालों के घेरे में ये पाकिस्तानी खिलाड़ी
पाकिस्तान में इस समय घरेलू टूर्नामेंट नेशनल टी20 कप खेला जा रहा है, जिसका 16वां मैच कराची रीजन ब्लूज और लाहौर रीजन ब्लूज के बीच खेला गया. यह मैच 14 मार्च 2026 को पेशावर के इमरान खान क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. जिसमें कराची ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 206 रनों का मजबूत स्कोर बनाया. लेकिन लाहौर 149 रन पर ऑलआउट हो गई, और कराची ने 57 रनों से जीत दर्ज की. इस मैच में कराची की ओर से तेज गेंदबाज असद अख्तर ने सिर्फ 1 ओवर फेंका, जो अब सवालों के घेरे में हैं.
दरअसल, असद अख्तर ने एक ओवर में ही उन्होंने 2 नो-बॉल और 2 वाइड फेंकीं. जिसके चलते उन्होंने कुल 21 रन दिए, कोई विकेट नहीं लिया. सोशल मीडिया पर इस ओवर से जुड़ा एक फोटो और वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें असद अख्तर की फुट-फॉल्ट वाली नो-बॉल साफ दिख रही है. उनका पैर क्रिएज लाइन से काफी बाहर निकला हुआ है. इतनी बड़ी नो बॉल आमतौर पर क्रिकेट में देखने को नहीं मिलती है. फैंस का कहना है कि एक ओवर में इतनी एक्स्ट्रा फेंकना संदिग्ध लगता है, खासकर जब टीम पहले से मजबूत स्थिति में थी. कुछ यूजर्स ने इसे ‘स्पॉट फिक्सिंग’ जैसा बताया और मोहम्मद आमिर के स्कैंडल से तुलना की जा रही है.
कौन हैं असद अख्तर?
असद अख्तर 25 साल के युवा पेसर हैं. हाल ही में उनके घरेलू करियर की शुरुआत हुई है और सिर्फ 5 टी20 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 9.14 की इकॉनमी से रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए हैं. लेकिन लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट में पिछले स्कैंडल्स के कारण अब असद अख्तर पर संकट के बादल मंडरा रहा हैं. अभी तक कोई आधिकारिक जांच या PCB की ओर से कोई बयान नहीं आया है. लेकिन सोशल मीडिया बवाल के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस घटना की जांच कर सकता है.