{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सागर: क्रिकेटर क्रांति गौड़ बुंदेलखंड की बेटियों को देंगी फ्री ट्रेनिंग

लॉर्ड्स में चमकने वाली क्रिकेटर क्रांति गौड़ सागर के सिटी स्टेडियम में 22 से 28 जुलाई तक लड़कियों को देंगी निशुल्क क्रिकेट ट्रेनिंग। जानें पूरी डिटेल।

 

सागर : इन दिनों क्रिकेट की दुनिया में बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ का नाम चर्चा में है. बुंदेलखंड की दूसरी बेटियां भी क्रांति गौड से प्रेरणा लेकर क्रिकेट की दुनिया में नाम रोशन करना चाहती हैं. ऐसी बेटियों को अगर खुद क्रांति गौड़ से क्रिकेट सीखने का मौका मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा. क्रांति गौड़ सागर में 7 दिन दिन तक मुफ्त ट्रेनिंग देने आ रही हैं. इस दौरान क्रांति गौड़ क्रिकेट की बारीकियां सिखाने के साथ ही फिटनेस के टिप्स देंगी.

बुंदेलखंड की लड़कियों के लिए सुनहरा अवसर

हाल ही में लार्ड्स में शानदार प्रदर्शन से देश ही नहीं दुनिया का दिल जीतने वाली क्रांति गौड़ को अपनी जन्मभूमि से गहरा लगाव है. इसलिए अब वह अपनी तरह दूसरी क्रांति गौड़ को तराशने की मुहिम पर निकल चुकी हैं. इसी सिलसिले में पहली बार क्रांति गौड़ सागर के सिटी स्टेडियम में आने वाले 7 दिन तक क्रिकेट प्रतिभा को तराशेंगी. क्रिकेट में कैरियर बनाने की चाह रखने वाली बुंदेलखंड की बेटियों के लिए ये खास मौका है, जब क्रांति गौड़ खुद उन्हें बिना किसी फीस के क्रिकेट के गुर सिखाएंगी.

सागर के सिटी स्टेडियम में ट्रेनिंग

छतरपुर के घुवारा की रहने वाली क्रांति गौड़ ने शुरुआती प्रशिक्षण सागर की क्रिकेट अकादमी में लिया था. सागर जिला क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़कर आज वह इस मुकाम तक पहुंची हैं. प्रशिक्षण सत्र के आयोजक ओलंपिया क्रिकेट अकादमी के हेड कोच साजिद खान बताते हैं "क्रांति गौड़ 22 जुलाई से लेकर 28 जुलाई तक सागर के सिटी स्टेडियम में सागर संभाग की बेटियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाएंगी. ये प्रशिक्षण सत्र पूरी तरह से निशुल्क है, कोई फीस नहीं ली जा रही है."

लड़कियों के रुकने व भोजन की व्यवस्था

प्रशिक्षण में आने वाली लड़कियों के रुकने और खाने पीने का इंतजाम भी अकादमी द्वारा किया जाएगा. प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य बुंदेलखंड की लड़कियों का क्रिकेट में कैरियर बनाना है. ये अवसर उन लड़कियों के लिए खास है जो पारिवारिक और दूसरे कारणों से कोचिंग नहीं ले पाती. वर्तमान में लड़कियां क्रिकेट में भी कैरियर बना सकती है. क्रांति गौड़ भी लड़कियों को कोचिंग देने के लिए उत्साहित हैं.