Shubman Gill Finger Injury News: कोलंबो में कैचिंग प्रैक्टिस के दौरान घायल हुए शुभमन गिल, जानिए गॉल टेस्ट में खेलेंगे या नहीं
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल उंगली में चोट के कारण प्रैक्टिस मैच से बाहर हुए। बीसीसीआई ने चोट को लेकर जारी किया हेल्थ अपडेट।
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने जा रही टेस्ट सीरीज से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कोलंबो से एक बड़ी खबर सामने आई है. कोलंबो के एनसीसी (NCC) ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ शुरू हुए तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में कप्तान शुभमन गिल की जगह उपकप्तान केएल राहुल टॉस के लिए मैदान पर उतरे और टीम की कमान संभाली. टॉस के दौरान केएल राहुल के आने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शुभमन गिल की चोट को लेकर बड़ा अपडेट भी शेयर किया.
शुभमन गिल पर BCCI का बड़ा अपडेट
बीसीसीआई की ओर से शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान कप्तान शुभमन गिल के दाहिने हाथ की अनामिका उंगली पर चोट लग गई थी. एहतियात के तौर पर उन्हें इस तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच के पहले दिन मैदान पर न उतरने की सलाह दी गई है. बोर्ड ने साफ किया है कि BCCI की मेडिकल टीम उनकी चोट और रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है.
वहीं, कोलंबो में खेले जा रहे इस वॉर्म-अप मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट XI के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम गेंदबाजी के साथ मैदान पर उतरी है. भारतीय टीम मैनजमेंट और फैंस यही उम्मीद करेंगे कि शुभमन गिल की यह चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व पूरी तरह फिट हो जाएं. हालांकि, प्रैक्टिस सेशन के लिए प्लेइंग 11 का ऐलान नहीं किया जाता है, ऐसे में टीम इंडिया की बल्लेबाजी के दौरान गिल मैदान पर भी उतर सकते हैं, हालांकि, ये फैसला टीम मैनजमेंट के हाथों में होगा.
शुभमन गिल को 2 बार लगी चोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 अगस्त को प्रैक्टिस के दौरान शुभमन गिल को 2 बार चोट का सामना करना पड़ा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शुभमन गिल के दाएं हाथ पर जा लगी थी. जिसके बाद मेडिकल स्टाफ ने पट्टी भी लगाई थी. फिर कुछ देर बाद बाकी खिलाड़ियों के साथ स्लिप कैचिंग के दौरान उसी हाथ पर एक और गेंद जा लगी. जिसके बाद उन्होंने आगे प्रैक्टिस में हिस्सा नहीं लिया था और अब प्रैक्टिस मैच में भी नहीं उतरे.