{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Yogita Parmar Wins Gold: हरियाणा की योगिता परमार ने शॉटपुट में जीता स्वर्ण पदक, 16.44 मीटर गोला फेंककर एशियन गेम्स के लिए किया क्वालीफाई

हरियाणा के ढाणी चांग की योगिता परमार ने पटियाला में आयोजित ओपन शॉटपुट प्रतियोगिता में 16.44 मीटर गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही योगिता ने एशियाई खेलों (Asian Games) के लिए क्वालीफाई कर लिया है। जानें उनकी सफलता का सफर।

 

चांग। गांव ढाणी चांग निवासी योगिता परमार ने पटियाला में आयोजित ओपन शॉटपुट थ्रो प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करते हुए एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई किया है। प्रतियोगिता में 16.44 मीटर गोला फेंककर योगिता ने स्वर्ण पदक जीतते हुए हरियाणा का नाम रोशन किया।

पटियाला शहर में सात मार्च से शुरू हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन नेताजी सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय खेल संस्थान की ओर से किया गया है। इस प्रतियोगिता में योगिता परमार ने 16.44 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया और हरियाणा को स्वर्ण पदक दिलाया। योगिता परमार ने अपनी इस जीत का श्रेय अपने कोच व पिता अशोक परमार को दिया। अशोक परमार ने बताया कि योगिता की कड़ी मेहनत की बदौलत वह आज इस मुकाम तक पहुंची है।


उन्होंने कहा कि योगिता ने स्वर्ण पदक हासिल कर हरियाणा प्रदेश के साथ-साथ गांव ढाणी चांग और जिले का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने बताया कि योगिता भारतीय रेलवे में नौकरी कर रही है।