New Audi Q3 Features and Price: ₹1 लाख में बुक करें नई ऑडी क्यू3, जानें इसके शानदार फीचर्स और संभावित कीमत
लग्जरी SUV खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर है. Audi India ने अपनी नई जनरेशन Q3 की बुकिंग शुरू कर दी है. कंपनी ने इसके लिए ₹1 लाख की टोकन राशि तय की है. नई Audi Q3 को भारत में पिछले हफ्ते पहली बार दिखाया गया था. अब इसकी बिक्री शुरू होने का इंतजार है. माना जा रहा है कि कंपनी इसे अक्टूबर 2026 में भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है.
नई Q3 मौजूदा मॉडल के मुकाबले काफी बदली हुई है. Audi ने इसके डिजाइन से लेकर इंटीरियर और फीचर्स तक में बड़े बदलाव किए हैं. SUV को पहले से ज्यादा बड़ा और दमदार लुक दिया गया है. साथ ही, केबिन में भी कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं.
पहले से बड़ी हुई नई Audi Q3
नई Audi Q3 की लंबाई 4,531 mm, चौड़ाई 1,859 mm और ऊंचाई 1,623 mm है. इसका व्हीलबेस 2,681 mm है. यानी नई SUV मौजूदा मॉडल से बड़ी है. इसका फायदा कार के अंदर मिलने वाली जगह में भी देखने को मिल सकता है. यात्रियों को ज्यादा लेगरूम और बेहतर केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है.
डिजाइन की बात करें तो नई Q3 को पहले से ज्यादा शार्प और मस्कुलर बनाया गया है. इसमें Audi की बड़ी ग्रिल के दोनों तरफ स्प्लिट LED हेडलैंप दिए गए हैं. पीछे की तरफ भी स्प्लिट LED टेललैंप मिलते हैं, जिन्हें एक फुल-विड्थ लाइट बार से जोड़ा गया है. इससे SUV का रियर लुक काफी आधुनिक दिखाई देता है.
नया और ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर
नई Audi Q3 के अंदर भी बड़ा बदलाव किया गया है. इसमें पूरी तरह नया डैशबोर्ड दिया गया है. SUV में 12.8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 11.9 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद है. एक खास बदलाव गियर सेलेक्टर को लेकर किया गया है. इसे सेंटर कंसोल से हटाकर स्टीयरिंग के पीछे दिया गया है. इससे सेंटर कंसोल में ज्यादा जगह मिलती है और केबिन पहले से ज्यादा साफ-सुथरा नजर आता है.
फीचर्स की बात करें तो नई Q3 में पैनोरमिक सनरूफ, Sonos ऑडियो सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, एम्बिएंट लाइटिंग और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. Audi की वेबसाइट पर ऑटोनॉमस पार्किंग असिस्टेंस जैसे फीचर्स का भी जिक्र किया गया है.
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव
भारत में आने वाली नई Audi Q3 में 2.0 लीटर, 4-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है. यह इंजन 204 hp की पावर और 320 Nm का टॉर्क पैदा कर सकता है. इंजन को 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा जाएगा. खास बात यह है कि Audi का quattro ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम स्टैंडर्ड तौर पर दिया जा सकता है. परफॉर्मेंस के मामले में भी नई Q3 काफी दमदार होगी. कंपनी के मुताबिक, यह SUV 0 से 100 kmph की रफ्तार सिर्फ 7.1 सेकंड में पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 229 kmph बताई गई है.
कितनी हो सकती है कीमत?
Audi ने अभी नई Q3 की आधिकारिक कीमत का ऐलान नहीं किया है. हालांकि, उम्मीद है कि भारत में इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹55 लाख से ₹60 लाख के बीच हो सकती है. SUV को भारत में ही असेंबल किया जाएगा. लॉन्च होने के बाद नई Audi Q3 का मुकाबला भारतीय बाजार में BMW X1 और Mercedes-Benz GLA जैसी लग्जरी SUVs से होगा. नई डिजाइन, ज्यादा फीचर्स और बेहतर केबिन के साथ Audi को उम्मीद होगी कि Q3 लग्जरी SUV खरीदारों को पहले से ज्यादा आकर्षित करेगी. फिलहाल ग्राहक ₹1 लाख की टोकन राशि देकर नई Audi Q3 की बुकिंग करा सकते हैं.