{"vars":{"id": "123258:4912"}}

स्मार्ट कार पार्किंग टिप्स: अपनी गाड़ी को डेंट और खरोंच से बचाने के 4 आसान तरीके

क्या आपकी कार पर भी पार्किंग के दौरान खरोंच लग जाती है? जानें सही जगह चुनने से लेकर साइड मिरर फोल्ड करने तक के वो खास तरीके, जो आपकी गाड़ी को रखेंगे एकदम सुरक्षित।

 

आज के दौर में गाड़ी चलाना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है, लेकिन सही तरीके से पार्किंग करना अब भी बहुत से लोगों के लिए चुनौती बना हुआ है. खासकर नए ड्राइवर्स को पार्किंग के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ती है. थोड़ी सी लापरवाही से कार पर खरोंच या डेंट आ सकते हैं, जिससे न केवल उसकी खूबसूरती खराब होती है बल्कि समय के साथ जंग लगने की संभावना भी बढ़ जाती है. कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है.चलिए आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं.

सही जगह कार पार्क करें

सबसे पहले, कार पार्क करने के लिए सही स्थान चुनना बेहद जरूरी है. हमेशा ऐसी जगह का चुनाव करें जहां पर्याप्त स्पेस हो और गाड़ी को आसानी से खड़ा किया जा सके. अगर पार्किंग एरिया में लाइनों का निशान बना हुआ है, तो कार को उन्हीं के बीच सीधा खड़ा करें. कई बार लोग जल्दबाजी में गाड़ी को तिरछा पार्क कर देते हैं, जिससे दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है और टक्कर का खतरा बढ़ जाता है. सही तरीके से पार्किंग करने से न सिर्फ आपकी गाड़ी सुरक्षित रहती है, बल्कि दूसरों को भी सुविधा मिलती है.

आसपास खड़ी गाड़ियों पर ध्यान देना भी जरूरी

इसके अलावा, पार्किंग करते समय आसपास खड़ी गाड़ियों पर ध्यान देना भी जरूरी है. बड़ी गाड़ियों जैसे एसयूवी या वैन के पास पार्किंग करने से बचना चाहिए, क्योंकि उन्हें ज्यादा जगह की जरूरत होती है. अगर वो निकलते समय ठीक से कंट्रोल न रख पाए, तो आपकी गाड़ी को नुकसान हो सकता है. साथ ही, जिन गाड़ियों पर पहले से ही कई डेंट या खरोंच हों, उनके पास पार्किंग करने से भी बचना बेहतर है, क्योंकि इससे यह संकेत मिलता है कि उनका ड्राइवर लापरवाह हो सकता है.

ऑटोमैटिक फोल्डिंग मिरर

तंग जगहों में साइड मिरर को नुकसान होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. इसलिए पार्किंग के बाद मिरर को अंदर की ओर मोड़ना एक अच्छी आदत है. इससे पैदल चलने वाले या पास से गुजरने वाले वाहन मिरर से टकराने से बचते हैं. अगर आपकी कार में ऑटोमैटिक फोल्डिंग मिरर की सुविधा है, तो ये काम और भी आसान हो जाता है.

धीरे-धीरे गाड़ी पार्क करें

आखिरी में, पार्किंग करते समय धैर्य और समझदारी बेहद जरूरी है. हमेशा धीरे-धीरे गाड़ी पार्क करें और मिरर, कैमरा या सेंसर का सही इस्तेमाल करें. इससे दूरी का सही अंदाजा लगता है और दुर्घटना की संभावना कम हो जाती है. सावधानीपूर्वक पार्किंग करने से आपकी कार लंबे समय तक सुरक्षित और अच्छी स्थिति में बनी रहती है.