EV Care Tips: गर्मियों में कम हो रही है इलेक्ट्रिक कार की रेंज? अपनाएं ये 4 आसान टिप्स
भीषण गर्मी में इलेक्ट्रिक कार की बैटरी और रेंज का रखें खास ख्याल। पार्किंग से लेकर चार्जिंग तक, इन आसान तरीकों से बढ़ाएं अपने EV की लाइफ। जानें एक्सपर्ट टिप्स।
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन गर्मियों के मौसम में इनकी परफॉर्मेंस पर असर देखने को मिलता है.खासतौर पर ज्यादा तापमान के कारण बैटरी की परफॉर्मेंस प्रभावित होती है, जिससे ड्राइविंग रेंज कम हो सकती है. हालांकि, कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
पार्किंग का रखें ध्यान
सबसे पहले, पार्किंग का सही चुनाव बेहद जरूरी है. तेज धूप में कार खड़ी करने से उसका तापमान तेजी से बढ़ता है, जो सीधे बैटरी पर असर डालता है. कोशिश करें कि गाड़ी हमेशा छांव, बेसमेंट या कवर पार्किंग में ही खड़ी करें. इससे बैटरी का तापमान कंट्रोल रहता है और उसकी क्षमता लंबे समय तक बनी रहती है.
चार्जिंग का तरीका
दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है चार्जिंग का तरीका. कई लोग समय बचाने के लिए फास्ट चार्जिंग का सहारा लेते हैं, लेकिन लगातार ऐसा करना बैटरी के लिए नुकसानदायक हो सकता है. खासकर गर्मियों में, फास्ट चार्जिंग से बैटरी अधिक गर्म हो जाती है. ऐसे में नॉर्मल या स्लो चार्जिंग का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद होता है.
बैटरी को हमेशा 100% तक चार्ज करना सही नहीं
इसके अलावा, बैटरी को हमेशा 100% तक चार्ज करना भी सही नहीं माना जाता. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैटरी लेवल को 10% से 80% के बीच रखना बेहतर होता है. इससे बैटरी पर दबाव कम पड़ता है और उसकी लाइफ बढ़ती है, साथ ही रेंज भी स्थिर रहती है.
ड्राइविंग भी EV की रेंज पर बड़ा असर डालता है
ड्राइविंग स्टाइल भी EV की रेंज पर बड़ा असर डालता है. तेज रफ्तार, अचानक एक्सीलरेशन और हार्ड ब्रेकिंग से बैटरी तेजी से खर्च होती है. इसके बजाय स्मूद और संतुलित ड्राइविंग अपनाएं. कई इलेक्ट्रिक कारों में मिलने वाला रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम भी मददगार होता है, जो गाड़ी की स्पीड कम करते समय बैटरी को थोड़ा चार्ज कर देता है.