{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भारत में EV क्रांति: मार्च 2026 में 66% बढ़ी सेल, टाटा और महिंद्रा का दबदबा

मार्च 2026 में भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में 66% की ग्रोथ। टाटा मोटर्स की सेल 65% बढ़ी, तो महिंद्रा ने दर्ज की 141% की बढ़त। टेस्ला और मारुति सुजुकी की भी एंट्री।

 

मार्च 2026 भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री, खासकर इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट के लिए काफी अच्छा रहा है. ताजा रिटेल आंकड़ों के मुताबिक, देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार तेजी से बढ़ते जा रही है. पिछले साल मार्च 2025 की तुलना में इस साल कुल ईवी की सेल में करीब 66 प्रतिशत का उछाल आया है. जिससे कुल बिक्री बढ़कर 22,159 यूनिट्स तक पहुंच गई है.

टाटा की सेल में सालाना 65% की बढ़ोतरी

इस बढ़त के साथ टाटा मोटर्स ने एक बार फिर बाजार में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है. कंपनी की इलेक्ट्रिक कार सेल मार्च 2026 में 8,224 यूनिट्स की हुई है. जो कि पिछले साल इसी महीने 4,990 यूनिट्स थी. जिससे साफ देखा जा सकता है कि साल भर में ही सेल में कितनी तेजी आई है. इस तरह कंपनी ने करीब 65 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हासिल की है. इस शानदार बिक्री के पीछे कंपनी के कुछ मॉडल्स Nexon EV, Tiago EV और Punch EV की लगातार बढ़ती मांग का बड़ा योगदान रहा है.

महिंद्रा की सेल

वहीं दूसरी ओर महिंद्रा ने भी इस बार जोरदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया. कंपनी की बिक्री में 141% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पिछले साल मार्च में 2,166 यूनिट्स बेचने वाली महिंद्रा ने इस साल ये आंकड़ा बढ़ाकर 5,217 यूनिट्स तक पहुंचा दिया. ये बढ़त दिखाती है कि कंपनी तेजी से ईवी सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर रही है.

एमजी की लगातार स्थिर ग्रोथ

एमजी मोटर भी इस रेस में पीछे नहीं रही. कंपनी ने मार्च 2026 में 5,113 यूनिट्स की बिक्री की, जो कि सालाना आधार पर लगभग 21% की बढ़ोतरी दिखाता है. एमजी की लगातार स्थिर ग्रोथ उसे इस प्रतिस्पर्धा में मजबूत बनाए हुए है.

ईवी मार्केट में नई गाड़ियों की एंट्री

इसके अलावा, भारतीय ईवी मार्केट में नए खिलाड़ियों की एंट्री भी देखने को मिल रही है. Tesla ने मार्च 2026 में 49 डिलीवरी के साथ अपनी शुरुआत की. वहीं Maruti Suzuki ने भी अपने पहले इलेक्ट्रिक मॉडल के जरिए 940 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की. साथ ही, वियतनाम की कंपनी VinFast ने भी 688 यूनिट्स की डिलीवरी के साथ भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है.कुल मिलाकर, मार्च 2026 EV इंडस्ट्री के लिए तेज रफ्तार और बढ़ते मुकाबला का संकेत देता है.