Mercedes-Benz CLA को मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग; क्रैश टेस्ट में कमाल
नई Mercedes-Benz CLA ने Euro NCAP क्रैश टेस्ट में हासिल की 5-स्टार रेटिंग। एडल्ट सेफ्टी में 94% और चाइल्ड सेफ्टी में मिले 89% अंक। जानें इसके दमदार फीचर्स।
नई Mercedes-Benz CLA को हाल ही में Euro NCAP के क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. ये एक 4-डोर कार है, जो यूरोप में पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों में मिलती है.अगर बड़ों की सेफ्टी की बात करें, तो इस कार को 94% अंक मिले हैं. टेस्ट के दौरान कार बहुत मजबूत रही और एक्सीडेंट के समय इसका अंदर वाला हिस्सा सुरक्षित रहा. ड्राइवर और आगे बैठे व्यक्ति के सिर, गर्दन, छाती और पैरों को अच्छी सुरक्षा मिली.
बच्चों के लिए भी ये कार काफी सुरक्षित
बच्चों के लिए भी ये कार काफी सुरक्षित है. इसे 89% अंक मिले हैं. इसमें एक स्मार्ट एयरबैग सिस्टम है, जो पहचान लेता है कि सीट पर बच्चा बैठा है या नहीं. अगर बच्चा बैठा हो, तो यह एयरबैग को बंद कर देता है, जिससे बच्चे को चोट लगने का खतरा कम हो जाता है.ये कार पैदल चलने वालों और साइकिल चलाने वालों का भी ध्यान रखती है. इस कैटेगरी में इसे 93% अंक मिले हैं.
ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग से लैस
इसमें एक खास सिस्टम है, जिसे ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग कहते हैं. अगर कार को लगता है कि आगे कोई खतरा है, तो ये खुद ही ब्रेक लगा सकती है. ये साइकिल चलाने वालों को भी पहचान सकती है और दरवाजा खोलते समय होने वाले हादसों से बचाने में मदद करती है. कार का आगे का हिस्सा भी इस तरह डिजाइन किया गया है कि टक्कर होने पर चोट कम लगे.
कार दमदार सेफ्टी फीचर्स से लैस
इस कार में कई स्मार्ट फीचर्स भी हैं. इसमें लेवल-2 ड्राइवर असिस्ट सिस्टम मिलता है, जैसे एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल (जो अपने आप स्पीड संभालता है), लेन कीपिंग (जो कार को सही लाइन में रखता है) और मल्टी-कोलिजन ब्रेकिंग (जो एक्सीडेंट के बाद और टक्कर से बचाता है).इसके अलावा, इसमें एक ई-कॉल सिस्टम भी है. अगर बड़ा एक्सीडेंट हो जाए, तो यह खुद ही इमरजेंसी सर्विस को फोन कर देता है.