TVS का नया 160cc मैक्सी स्कूटर जल्द आएगा, Yamaha Aerox को देगा टक्कर
टीवीएस मोटर कंपनी भारतीय बाजार के लिए एक नया 160cc मैक्सी स्कूटर डेवलप कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये नया स्कूटर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और साल 2027 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है. ये मॉडल प्रीमियम स्कूटर सेगमेंट में उतारा जाएगा, जहां इसका मुकाबला यामाहा एरोक्स 155, हीरो ज़ूम 160 और आने वाले होंडा ADV160 जैसे स्कूटर्स से होगा.
प्रीमियम स्कूटर की मांग बढ़ रही
भारतीय बाजार में अब पिछले कुछ साल में प्रीमियम स्कूटर की मांग तेजी से बढ़ी है. अब ग्राहक केवल सामान्य फैमिली स्कूटर तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि वो स्पोर्टी और टूरिंग के लिए बेहतर परफॉर्मेंस वाले स्कूटर्स की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं. इसी बदलते ट्रेंड को देखते हुए टीवीएस इस नए मॉडल पर काम कर रही है.
160cc मैक्सी स्कूटर
जानकारी के मुताबिक, ये 160cc मैक्सी स्कूटर कंपनी के मौजूदा Ntorq 150 से अलग एक नए प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा. इसमें एक नया लिक्विड-कूल्ड इंजन दिए जाने की संभावना है, जो इसे तकनीकी रूप से ज्यादा एडवांस बना सकता है.हालांकि अभी इसके पावर आउटपुट की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि ये स्कूटर अपने प्रतिद्वंद्वियों के बराबर परफॉर्मेंस देगा. यामाहा एरोक्स 155 और हीरो ज़ूम 160 जैसे मॉडल लगभग 14 से 15 हॉर्सपावर तक की पावर जनरेट करते हैं, ऐसे में टीवीएस भी इसी स्तर की परफॉर्मेंस देने की कोशिश कर सकती है.
स्कूटर का डिजाइन
डिजाइन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. कंपनी इसे स्पोर्टी लुक दे सकती है, जैसा कि एरोक्स 155 में देखने को मिलता है, या फिर एडवेंचर-स्टाइल डिजाइन अपनाया जा सकता है जैसा कि हीरो ज़ूम 160 और होंडा ADV160 में देखा जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्कूटर में बड़े 14-इंच के व्हील्स, बेहतर विंड प्रोटेक्शन और आरामदायक राइडिंग पोजिशन मिल सकती है. लंबा व्हीलबेस और आरामदायक सीटिंग इसे शहर और हाईवे दोनों के लिए सही बना सकती है.
दमदार फीचर्स से लैस
टीवीएस पहले से ही कनेक्टेड टेक्नोलॉजी पर जोर दे रही है, इसलिए इस स्कूटर में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन सपोर्ट, डिजिटल डिस्प्ले और स्मार्टफोन इंटीग्रेशन जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा इसमें बड़ा अंडरसीट स्टोरेज, डिस्क ब्रेक और प्रीमियम फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.