{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अंबाला: NRI महिला से ₹6.5 लाख की धोखाधड़ी, प्लॉट बेचकर नहीं दिया कब्जा

अंबाला में NRI महिला सुरिंद्र कौर से प्रॉपर्टी के नाम पर ₹6.50 लाख की ठगी। रजिस्ट्री के बाद भी नहीं मिला कब्जा। महेश नगर पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला।

 

अंबाला : प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी करने वाले जालसाजों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला अंबाला से आया है जहां जमीन सौदे के नाम पर लुधियाना निवासी एक एनआरआई महिला के साथ 6.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के बावजूद महिला को कब्जा नहीं दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित एनआरआई महिला की पहचान लुधियाना निवासी सुरिंद्र कौर के रुप में हुई है। लुधियाना निवासी सुरिंद्र कौर ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि डिफेंस एन्कलेव निवासी अभिषेक मलिक ने वर्ष 2015 में गांव बब्याल स्थित एक प्लॉट 6.50 लाख रुपये में बेचा था। आरोप है कि रजिस्ट्री तो करवा दी गई, लेकिन कब्जा नहीं सौंपा गया। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में जब उन्होंने इस संबंध में शिकायत की तो आरोपी ने समझौते के तहत गांव बोह में दूसरा प्लॉट देने का आश्वासन दिया। इसके बाद वर्ष 2024 में प्लॉट नंबर 49 का इकरारनामा भी किया गया, लेकिन जांच में सामने आया कि यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में अभिषेक मलिक  के नाम दर्ज ही नहीं थी।

पटवारी की रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि हुई है कि संबंधित जमीन पर आरोपी का स्वामित्व नहीं है। मामले में थाना महेश नगर पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच के बाद आरोपी अभिषेक मलिक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।