Ambala Crime News: साहा के दिनारपुर में गन्ने के खेत से मिला युवक का लहूलुहान शव; चाकू से गोदकर की गई हत्या, पश्चिम बंगाल का था मृतक
अंबाला के साहा थाना क्षेत्र के गांव दिनारपुर में बुधवार दोपहर सनसनी फैल गई। गन्ने के खेत में पश्चिम बंगाल निवासी 'अर्जुन' का शव मिला, जिसकी धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर 'सीन ऑफ क्राइम' टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।
बराड़ा : साहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव दिनारपुर के पास बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बस अड्डे के समीप एक गन्ने के खेत में एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के निवासी अर्जुन के रूप में हुई है, जिसकी धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला बुधवार दोपहर करीब 3:00 बजे प्रकाश में आया, जब होली के पर्व के दौरान गांव के ही एक निवासी गुरजिंदर सिंह ने सरपंच प्रतिनिधि राकेश कुमार को खेत में शव पड़े होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल साहा थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब शव का मुआयना किया, तो पाया कि युवक औंधे मुंह गिरा हुआ था। उसे सीधा करने पर शरीर पर गहरे जख्म मिले।
पुलिस के अनुसार, युवक की छाती और पेट के बाईं ओर चाकू से वार किए गए थे, जो इतने घातक थे कि शरीर के आंतरिक अंग बाहर निकल आए थे। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे एक काले रंग की साइकिल (पोलो गैलस मार्का) भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मृतक की दाईं बाजू पर अंग्रेजी में ARJUN लिखा हुआ है और दिल का टैटू बना है। दाहिने हाथ की कलाई पर ॐ का निशान गुदा हुआ है।प्रारंभिक जांच और स्थानीय पूछताछ के बाद मृतक की पहचान अर्जुन, पुत्र भल्ला, निवासी जिला किशनगंज, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अंबाला से 'सीन ऑफ क्राइम' टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी, घास-फूस और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। डिजिटल साक्ष्यों के लिए पुलिस ने ई-साक्ष्य प्रणाली का भी उपयोग किया।
शव को कब्जे में लेकर अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह आपसी रंजिश के कारण की गई हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।