Chandigarh Crime News: कुक बनकर घर में घुसा और पूरे परिवार को दिया ज़हर, नेपाल भागने की आशंका में छापेमारी जारी
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस ने कांग्रेस के दिवंगत नेता मुकेश बस्सी के घर लूट की वारदात के आरोपी हेमंत थापा का पोस्टर जारी किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी नाम बदलकर घरों में कुक की नौकरी हासिल करता है और मौका मिलने पर परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट कर फरार हो जाता है. पुलिस ने लोगों से आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है.
14 अगस्त की रात हुई थी वारदात: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 अगस्त की रात हेमंत थापा ने मुकेश बस्सी के घर में परिवार के सदस्यों और घरेलू स्टाफ को नशीला पदार्थ खिला दिया. इसके बाद सभी के बेहोश होने पर आरोपी घर से कीमती सामान, गहने और नकदी लेकर फरार हो गया. उस समय घर में मुकेश बस्सी की पत्नी अंजू, एक नौकर और एक नौकरानी मौजूद थे. तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
कुछ दिन पहले ही रखा था कुक: बस्सी परिवार ने आरोपी हेमंत थापा को वारदात से कुछ दिन पहले ही घरेलू कुक के तौर पर नौकरी पर रखा था. पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए नामों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से घरों में नौकरी हासिल करता था.
खरड़ और मोहाली में भी ऐसी वारदातें: पुलिस के अनुसार हेमंत थापा इससे पहले खरड़ और मोहाली में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है. इन मामलों में भी उसने घरेलू नौकर बनकर घर में प्रवेश किया और परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट की थी. पुलिस के मुताबिक आरोपी नेपाल का रहने वाला है और नेपाल में भी उसकी तलाश की जा रही है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील: चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आरोपी नाम बदलकर घरों में कुक की नौकरी करता है और बाद में परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट कर फरार हो जाता है. पुलिस ने लोगों से घरेलू कामगार रखने से पहले उसकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन कराने की अपील की है. फिलहाल आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.