Buffalo Dung Dispute Manoj Arrest News 2026: चरखी दादरी में गोबर विवाद खूनी संघर्ष में बदला: हमले के बाद युवक की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार
चरखी दादरी के महराणा गांव में गोबर विवाद पर युवक की हत्या; बाढड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
चरखी दादरी: जिले के गांव महराणा में प्लॉट के गेट पर भैंस के गोबर को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की हत्या तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता सुखबीर ने बताया कि वह महराणा गांव का रहने वाला है। उसके 2 भाई हैं। बड़ा भाई मनोज परिवार के साथ रहता है और प्लॉट में पशुओं के पास सोता था।
🔪 गली में सोते समय हथियार लेकर पहुंचे आरोपी, किया जानलेवा हमला
शुक्रवार की रात करीब 10 बजे मनोज प्लॉट के सामने गली में सो रहा था। इसी दौरान विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्रीभगवान और लखीराम 3-4 अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे जिनके हाथों में कुल्हाड़ी, लाठी और उंडे थे। सभी ने मनोज पर जानलेवा हमला कर दिया।
🏥 पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मनोज की मौत
अपने भाई का शोर सुनकर वह भाभी प्रियंका के साथ प्लॉट पर पहुंचा तो आरोपी उन्हें देखकर सभी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन मनोज को दादरी के निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
🐄 गेट पर गोबर करने पर टोकने से उपजी थी रंजिश
सुखबीर ने कहा कि शुक्रवार को दिन में सन्नी उर्फ मोनू अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए उनके पशुओं की खेल पर आया था। इस दौरान उसकी भैंस ने पशुओं के गेट पर गोबर कर दिया। इस पर भाभी प्रियंका ने मोनू को गेट गंदा करने पर टोका था।
👮 केस दर्ज, तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
इसी बात की रंजिश रखते हुए आरोपियों ने रात में इकट्ठे होकर मनोज पर हमला किया। इस मामले में बाढड़ा पुलिस ने विक्रांत उर्फ कालिया, हिमांशु उर्फ धोलिया, सन्नी उर्फ मोनू, श्रीभगवान और लखीराम समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर हिमांशु, सन्नी और विक्रांत को गिरफ्तार कर लिया है।