{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Faridabad Crime: चंचला फूड होटल हमला कांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, एनकाउंटर के बाद दबोचा

फरीदाबाद के सेक्टर-12 चंचला फूड होटल में हत्या के प्रयास का एक और आरोपी रोहित गिरफ्तार। मुख्य आरोपी संदीप चेंटा पहले ही एनकाउंटर के बाद पकड़ा जा चुका है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 

फरीदाबाद :  20 मई को सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंचला फूड होटल में हुई मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा एक और आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने गांव मच्छगर निवासी रोहित को देर शाम गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, रोहित ने अपने साथियों संदीप उर्फ चेंटा और केशव के साथ मिलकर 20 मई की सुबह होटल कर्मचारी के साथ मारपीट की थी और उस पर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आरोपी केशव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी संदीप उर्फ चेंटा को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। 

क्राइम ब्रांच एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि संदीप उर्फ चेंटा को थाना छांयसा क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया था। आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से देसी पिस्टल, तीन खाली खोल और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप पर फरीदाबाद, करनाल और राजस्थान के भिवाड़ी में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 7 से अधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे गैंग और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।