{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Dheeraj Nagar Faridabad Crime News: पुलिस ने बंधक बने युवक को कराया मुक्त, भाई को लोकेशन भेजकर बचाई जान

फरीदाबाद के धीरज नगर में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक को बंधक बनाने और मारपीट का मामला आया सामने। पुलिस ने युवक को छुड़ाया।
 

फरीदाबाद : फरीदाबाद में बर्थडे पार्टी के बहाने दिल्ली के 18 वर्षीय युवक को बुलाकर बंधक बनाने और उसके साथ कई दिनों तक मारपीट करने का मामला सामने आया है।  युवक के अनुसार उसको पेट्रोल पिलाया गया और गुप्तान में भी पेट्रोल डाला गया,युवक दिल्ली के अलीगांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला लक्की 8 सितंबर को यश को बर्थडे पार्टी में चलने की बात कहकर अपने साथ फरीदाबाद के धीरज नगर स्थित मकान पर ले आया। रात में पार्टी खत्म होने के बाद यश से कहा गया कि सुबह घर चले जाना। आरोप है कि अगले दिन सुबह वहां मौजूद लोगों ने यश से अपनी अंगूठी और पिस्टल के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

बताया जा रहा है कि यश को कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ लगातार मारपीट की गई। इस दौरान अचानक यश के हाथ एक मोबाइल फोन लग गया। उसने मौका पाकर अपने भाई और बहन को अपनी लोकेशन भेज दी।

यश का भाई पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रहा था। लोकेशन मिलते ही वह पुलिस को साथ लेकर धीरज नगर पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को बंधक से छुड़ाया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ERV-206 से सूचना मिली थी कि धीरज नगर के एक मकान में युवक के साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर रखा गया है। फिलहाल पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पीड़ित से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।