{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Faridabad Crime News: फरीदाबाद के सेक्टर-25 में बड़ा हादसा, जहरीली गैस से सीवर सफाईकर्मी की जान गई

फरीदाबाद के सेक्टर-25 में बिना सुरक्षा उपकरण सीवर में उतरे सफाईकर्मी असलम की जहरीली गैस से मौत हो गई। साथी बंटी की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी।

 

फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-25 स्थित प्लॉट नंबर 132 के बाहर सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर के मैनहोल में सफाई करने उतरे दो सफाईकर्मी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे में असलम (36) की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के लिए नीचे उतरा उसका साथी बंटी गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन ने दोनों कर्मचारियों को बिना किसी मास्क, सुरक्षा बेल्ट, ऑक्सीजन सिलिंडर या सेफ्टी किट के ही सीवर में उतरने पर मजबूर किया। असलम सीढ़ी लगाकर सफाई के लिए जैसे ही मैनहोल में नीचे उतरा, वहाँ मौजूद दमघोंटू जहरीली गैस के कारण वह अचानक तड़पने लगा।

अपने दोस्त असलम को सीवर में तड़पता देख बंटी (निवासी आशियाना सोसाइटी, सेक्टर-56) बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत मैनहोल में उतर गया। हालांकि, जहरीली गैस का प्रकोप इतना तेज था कि बंटी भी वहीं बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक असलम दम तोड़ चुका था। गंभीर रूप से अचेत बंटी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद परिजनों में भारी रोष है। उन्होंने सेक्टर-58 थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि हादसा होते ही कंपनी प्रबंधन ने कानूनी कार्रवाई से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए मुख्य द्वार से कंपनी के नाम का बोर्ड रातों-रात हटा दिया। सुरक्षाकर्मी के अनुसार, यह प्लॉट मालिक ने करीब एक महीने पहले 'लाडो एंटरप्राइज' नामक कंपनी को किराये पर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।