{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Fatehabad Murder: फतेहाबाद के गुरुनानकपुरा में 25 साल के युवक की सरेआम चाकू मारकर हत्या; कार सवार हमलावर फरार, इलाके में दहशत

हरियाणा के फतेहाबाद में सनसनीखेज हत्या! गुरुनानकपुरा निवासी संदीप उर्फ दीपा की कार सवार युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आपसी रंजिश के शक में पुलिस CCTV खंगाल रही है। जानें मामा के घर रह रहे युवक के साथ क्या हुआ।

 

फतेहाबाद : फतेहाबाद शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में रविवार को युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी युवकों पर हत्या का आरोप लगा है। हत्या का स्पष्ट कारण नहीं पता चला है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 साल के गुरुनानकपुरा निवासी संदीप उर्फ दीपा के रूप में हुई है। मृतक के माता पिता सिरसा रहते हैं। वह यहां नाना नानी के पास रहता था। संदीप पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर कई बार चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए।मृतक के मामा काका सिंह और मामी सुनीता ने बताया कि हमलावर कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने कार में से उतरकर संदीप के साथ झगड़ा किया। इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। 

प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी रंजिश माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।