{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Gurgaon Rape Case Sector 53: बॉयफ्रेंड ने शादी का झांसा देकर युवती से की ठगी, जान से मारने की धमकी पर केस दर्ज

गुड़गांव के सेक्टर-53 में एक युवती से उसके बॉयफ्रेंड द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और 15 लाख रुपये ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
 

गुड़गांव : पीजी में रहने वाली युवती से उसके बॉयफ्रेंड द्वारा 10 दिन तक रेप करने का मामला सामने आया है। जब युवती ने संबंध बनाने से मना किया तो आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उससे करीब 15 लाख रुपए भी ले लिए और अब शादी करने से इंकार कर रहा है। पीड़ित युवती की शिकायत पर आधार पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 77, 69, 351(2), 308(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह सेक्टर-53 थाना एरिया के एक पीजी में रहती है। उसकी मुलाकात विकास सुहाग नामक व्यक्ति से हुई थी। कुछ ही समय में दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोप है कि विकास ने सेक्टर-52 में उसकी मर्जी के खिलाफ उससे संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया। आरोपी ने 1 अगस्त से 10 अगस्त तक उसके साथ शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और अलग-अलग बहाने बनाकर उससे करीब 15 लाख रुपए ले लिए। जब उसने रुपए वापस मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और शादी करने से भी इंकार कर दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को देकर केस दर्ज कराया। जांच अधिकारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।