Gurgaon Crime: गुड़गांव में रॉन्ग साइड आ रही थार ने बाइक सवार को कुचला; पुलिस पर वीडियो डिलीट करने और आरोपी को भगाने का आरोप
गुड़गांव के सुशांत लोक में गलत दिशा से आ रही बिना नंबर की थार ने बाइक सवार मुकेश बघेल की जान ले ली। चश्मदीदों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने मोबाइल से हादसे के वीडियो डिलीट किए और ड्राइवर को भगाने में मदद की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुड़गांव : सुशांत लोक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने एक बाइक सवार की जिंदगी छीन ली। थार गलत दिशा में जा रही थी और सामने से जा रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। वहीं, लोगों का आरोप है कि जब पूरे घटनाक्रम का वीडियो उन्होंने बनाया तो पुलिसकर्मी भड़क गए और उनके मोबाइल से वीडियो भी डिलीट करा दिए। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में होडल के रहने वाले अशोक बघेल ने बताया कि उनका भाई मुकेश बघेल सेक्टर-44 में पेट्रोल पंप से बाइक लेकर किसी कार्य से सेक्टर-44 व्यापार केंद्र की तरफ जा रहा था। सुशांत लोक की तरफ जाते वक्त जब वह व्यापार केंद्र के पास पहुंचा तो यहां तेजी से गलत दिशा में आ रही बिना नंबर की थार गाड़ी ने उनके भाई की बाइक को टक्कर मार दी जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना में उनका भाई उछलकर काफी दूर जा गिरा और लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इस पर मौके पर आए पुलिसकर्मी खफा हो गए और उन्होंने लोगों के मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दी। इसके अलावा लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर ड्राइवर भी पकड़ा गया था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके से फरार कर दिया। वहीं, गाड़ी को मजबूरी में कब्जे में लिया क्योंकि वह पुलिस की कार्यशैली का विरोध कर रहे थे।
वहीं, पुलिस की मानें तो मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।