{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Gurugram Crime: गुड़गांव में 'बर्फ' के विवाद में जमकर चले लात-घूसे, हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी; क्लब के डांस फ्लोर पर भी बवाल

गुड़गांव के बादशाहपुर में देर रात बर्फ देने से इनकार करने पर अहाते पर खूनी संघर्ष हुआ। हमलावरों ने युवक को पीटकर हथियार लहराए। वहीं, एक अन्य मामले में क्लब के डांस फ्लोर पर नाचने को लेकर 15 लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

गुड़गांव : देर रात को बर्फ देने को लेकर हुए विवाद में एक अहाते पर जमकर लात-घूसे चले। इतना ही नहीं युवकों ने उसे हथियार दिखाकर गोली मारने की भी धमकी दी। इसकी सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बादशाहपुर थाना प्रभारी की मानें तो मामले में एक आरोपी को काबू कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी की मानें तो पूरा विवाद बर्फ को लेकर हुआ। पेरिसा एसपीआर रोड पर स्थित अहाते से एक व्यक्ति बर्फ लेने के लिए गया था। अहाता बंद होने के कारण अहाते के कर्मचारियों ने बर्फ देने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि यह विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि करीब पांच लोगों ने एक युवक को पीट दिया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उसे हथियार दिखाकर मारने की धमकी भी दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित सेक्टर-14 निवासी अंकुश कपाही की शिकायत पर पांच अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(3), 115, 351(2), 333 व 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया जिससे पूछताछ जारी है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को काबू करने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

डांस करने के विवाद में भी चले लात-घूसे


वहीं, डांस फ्लोर पर नाचने को लेकर हुए विवाद में भी जमकर लात घूसे चले। थाना प्रभारी ने बताया कि मनोज वशिष्ठ ने शिकायत देकर करीब 15 लोगों के खिलाफ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह क्लब में गए थे जहां कुछ अन्य लोग भी आए हुए थे। यहां डांस फ्लोर पर उनका विवाद हो गया और पुष्पेंद्र, उसकी पत्नी तृप्ति, विशाल गर्ग व उनकी पत्नी नीलम गोयल, अनिल गुप्ता, नीरज सोनी सहित करीब 15 लोगों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 115, 117(2), 351(2) बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।