Gurugram: घामडौज टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी; टोल कर्मियों को लाठी-डंडों से पीटा, कंट्रोल रूम में तोड़फोड़
गुरुग्राम के घामडौज टोल पर खौफनाक मंजर! मामूली विवाद में युवकों ने टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल।
गुरुग्राम: घामडौज टोल प्लाजा पर मंगलवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. करीब 6 युवकों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए ना केवल टोल कर्मियों की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि कंट्रोल रूम में घुसकर जमकर तोड़फोड़ भी की. इस हमले में दो टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
गुरुग्राम में टोल कर्मचारियों की पिटाई: घटना सुबह करीब 10 बजे की है. बताया जा रहा है कि टोल टैक्स के भुगतान को लेकर कुछ युवकों की टोल कर्मियों के साथ कहासुनी हुई थी. उस वक्त तो युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे. इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और इरादे बेहद खौफनाक. देखते ही देखते टोल प्लाजा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया.
टोल कंट्रोल रूम में तोड़फोड़: हमलावरों ने टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और फिर टोल के कंट्रोल रूम में घुसकर सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया. अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई.
सीसीटीवी में कैद वारदात: ये पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक लाठी-डंडे बरसा रहे हैं. हमले में दो टोल कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि "टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके."