{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Gurugram: ट्रक में चावल की जगह मिली 200 पेटी अवैध शराब, पुलिस ने 2 तस्करों को दबोचा

गुड़गांव में चावल की बिल्टी पर शराब तस्करी का भंडाफोड़। पुलिस ने राठीवास के पास ट्रक से 200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। नूंह के दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी।

 

गुड़गांव : अहमदाबाद जाने के लिए ट्रक में लोड हुए 200 कट्टे चावल गुड़गांव पहुंचने तक 200 पेटी शराब में बदल गए। पुलिस ने सूचना के आधार पर जब राठीवास के पास ट्रक को मुखबिर की सूचना के आधार पर रुकवाया और जांच की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। इस पर पुलिस ने ट्रक में मौजूद ड्राइवर व कंडक्टर को काबू कर लिया और उनके खिलाफ केस दर्ज कर शराब की पेटियों, ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आरोपियों के पास से 10 पेज की बिल्टी भी मिली है जिसमें चावल CHIRAO TO AHMEDABAD और GOHANA TO AHMEDABAD लिखा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखा सेक्टर-43 के एएसआई इंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ बिलासपुर में नाकाबंदी कर रहे थे कि इस दोरान मुखबिर से सूचना मिली कि नूंह के रहने वाले सलीम व मोहम्मद अकिल कैंटर में अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे हैं। यह लोग दिल्ली की तरफ से पचगांव चौक होते हुए जयपुर जाएंगे। सूचना के आधार पर टीम ने राठीवास के पास नाकाबंदी की जहां कुछ ही देर में बताया गया कैंटर पहुंचा जिसे पुलिस ने रुकवा लिया और जांच शुरू कर दी। कैंटर में सलीम और मोहम्मद अकिल मिले जिन्होंने कैंटर में बासमती चावल लोड होना बताया और इससे संबंधित 10 पेज की बिल्टी भी दिखाई। जब जांच के लिए टीम ने कैंटर के कंटेनर पर लगी सील तोड़नी शुरू की तो दोनों ने पुलिस को रोक लिया और पास ही एक अन्य ट्रांसपोर्ट के मैनेजर के सामने यह सील तुड़वाने की बात कही। इस पर पुलिस ने मैनेजर को बुलाया और सील तोड़कर कैंटर में जांच की तो बाहर की तरफ बासमती चावल के कट्टे थे। जैसे ही टीम ने अंदर देखा तो पाया कि अंदर अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई हैं। इस पर टीम ने दोनों को काबू कर लिया। कैंटर में जांच के दौरान टीम को BLUE STROKE EXQUISITE WHISKY की 200 पेटियां मिली जिसमें 9600 पव्वे थे। इन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस ने बिलासपुर थाने में केस दर्ज कराकर आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर यह बिल्टी कहां से ली गई। शराब कहां से लोड की गई और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। इस शराब तस्करी के पीछे किसका हाथ है और वारदात के लिए प्रयोग किया जा रहा कैंटर किसका है। मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।